Breaking News

Dr Arvinder Singh Udaipur, Dr Arvinder Singh Jaipur, Dr Arvinder Singh Rajasthan, Governor Rajasthan, Arth Diagnostics, Arth Skin and Fitness, Arth Group, World Record Holder, World Record, Cosmetic Dermatologist, Clinical Cosmetology, Gold Medalist

Rajasthan / पुलिस महानिदेशक ने ली अपराध समीक्षा बैठक

पुलिस महानिदेशक ने ली अपराध समीक्षा बैठक
Dinesh Bhatt June 15, 2026 11:16 PM IST

 

जयपुर, 15 जून। महानिदेशक पुलिस श्री राजीव कुमार शर्मा की अध्यक्षता में सोमवार को पुलिस मुख्यालय में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अपराध समीक्षा बैठक हुई। श्री शर्मा ने कहा कि प्रदेश की सुदृढ़ कानून-व्यवस्था ही विकसित राजस्थान की आधारशिला है। नवीन आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन से पुलिस पर जनविश्वास और अधिक मजबूत हुआ है। उन्होंने सक्रिय व संगठित अपराधों के विरुद्ध सख्त से सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि झूठे मुकदमे दर्ज कराने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाए।
 
पुलिस महानिदेशक ने समीक्षा बैठक में प्रदेश के पुलिस उच्चाधिकारियों को सम्बोधित किया। उन्होंने आपराधिक घटनाओं पर संबंधित रेंज आईजी व एसपी की कार्रवाई की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने धमकी देकर वसूली करने वाले गिरोहों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने और नवीन आपराधिक कानूनों के प्रावधानों के तहत अपराधियों की संपत्तियों को जब्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गैंगस्टरों द्वारा अर्जित अवैध संपत्तियों को ध्वस्त करने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। ऐसे अपराधियों के बैंक खातों सहित अन्य लेन-देन पर सतत निगरानी रखें। 
 
नशा तस्करों और साइबर अपराधियों पर करें प्रभावी कार्रवाई—
 
श्री शर्मा ने पुलिस अधीक्षकों को नशा तस्करी और नशे के प्रसार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए योजनाबद्ध अभियान चलाने के निर्देश दिए। साइबर अपराध, डिजिटल अरेस्ट और ऑनलाइन ठगी के मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए अपराधियों तक पहुंच सुनिश्चित की जाए। उन्होंने पुलिस थानों में पुलिसकर्मियों को अनुसंधान के लिए नवीन तकनीकों का प्रशिक्षण दिलाने पर भी जोर दिया।
 
पुलिस महानिदेशक ने कहा कि कानून एवं सुरक्षा से जुड़ी किसी भी संवेदनशील घटना की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को दी जाए, ताकि समय पर मार्गदर्शन और आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जा सके। पुराने प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण एवं पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाने के भी निर्देश दिए गए।
 
वर्षभर चलाए सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान—
 
सड़क सुरक्षा की समीक्षा करते हुए पुलिस महानिदेशक ने कहा कि सड़क दुर्घटना केवल एक व्यक्ति नहीं बल्कि पूरे परिवार को प्रभावित करती है। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्गों और शहरी क्षेत्रों में लेन अनुशासन का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित कराने तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त प्रवर्तन कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान वर्षभर संचालित करने के निर्देश दिए।
 
नीट परीक्षा के लिए दिए दिशा-निर्देश—
 
श्री शर्मा ने नीट परीक्षा के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सुव्यस्थित परीक्षा के लिए जारी दिशा-निर्देशों की अक्षरश पालना सुनिश्चित करें। सीसीटीवी के जरिए सतत निगरानी रखी जाए। समीक्षा बैठक में पुलिस मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
  • fb-share
  • twitter-share
  • whatsapp-share

Disclaimer : All the information on this website is published in good faith and for general information purpose only. www.newsagencyindia.com does not make any warranties about the completeness, reliability and accuracy of this information. Any action you take upon the information you find on this website www.newsagencyindia.com , is strictly at your own risk
#

RELATED NEWS