जयपुर, 13 मई। भीलवाड़ा जिले के माण्डल विधानसभा क्षेत्र में आयोजित शिलान्यास एवं लोकार्पण समारोह में जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री श्री कन्हैया लाल चौधरी की उपस्थिति में क्षेत्र के विकास को नई दिशा देने वाले विभिन्न जनहित एवं पेयजल परियोजनाओं का शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर मंत्री श्री कन्हैया लाल चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में समान रूप से विकास कार्यों को गति दे रही है। प्रदेश के प्रत्येक नागरिक तक स्वच्छ पेयजल एवं मूलभूत सुविधाएं पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के माध्यम से क्षेत्र में आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के साथ-साथ आमजन के जीवन स्तर को बेहतर बनाया जा रहा है।
इस दौरान माण्डल विधायक श्री उदयलाल भड़ाना एवं जनप्रतिनिधि श्री प्रशांत मेवाड़ा सहित अन्य जनप्रतिनिधि तथा अधिकारी मौजूद रहे।
समारोह के दौरान 335.69 लाख रुपए लागत के विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास तथा 130 लाख रुपए लागत के पूर्ण हो चुके विकास कार्यों का लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने, आधारभूत सुविधाओं का विस्तार करने तथा आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया।
इस अवसर पर ग्राम रथ अभियान का भी उल्लेख किया गया।
जनप्रतिनिधियों ने बताया कि अभियान का उद्देश्य केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, उपलब्धियों एवं विकास कार्यों की जानकारी गांव-गांव तक पहुंचाना है, ताकि अंतिम पंक्ति में बैठे व्यक्ति को भी योजनाओं का लाभ मिल सके। अभियान के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं एवं आवश्यकताओं को समझकर उनके त्वरित समाधान की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है।