जयपुर, 16 जून। दौसा जिला प्रभारी सचिव पीसी किशन ने मंगलवार को जिला कलक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों की बैठक लेकर ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविरों की प्रगति की समीक्षा की तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सेवा शिविरों का प्रभावी ढंग से संचालन कर आमजन को विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का अधिकतम लाभ पहुंचाया जाए।
बैठक में प्रभारी सचिव ने उपखंड अधिकारियों से पिछले तीन दिनों में आयोजित शिविरों का फीडबैक लिया तथा राजस्व संबंधी प्रकरणों में त्वरित राहत देने के लिए किए गए प्रयासों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि शिविरों के आयोजन के साथ-साथ विभागों के नियमित कार्य भी प्रभावित नहीं होने चाहिए।
प्रभारी सचिव ने विभागवार प्रदान की जा रही सेवाओं की जानकारी लेते हुए शिविरों के सफल संचालन के लिए पूर्व तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिविर निर्धारित समय पर प्रारंभ हो तथा तय समय तक नियमित रूप से संचालित किए जाएं। प्रभारी सचिव ने अपने निरीक्षण के दौरान देखे गए शिविरों की
प्रगति पर संतोष व्यक्त किया।
प्रभारी सचिव ने निर्देश दिए कि शिविरों से पूर्व प्री-कैंप गतिविधियां कम से कम 10 दिन पहले आयोजित की जाएं ताकि आमजन को योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी देकर उन्हें लाभान्वित किया जा सके। उन्होंने योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार तथा जनजागरूकता पर विशेष जोर दिया। उन्होंने विशेष रूप से घुमंतू तथा वंचित एवं जरूरतमंद वर्गों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने के निर्देश दिए तथा वन विभाग को शिविरों में आने वाले लोगों को पौधों का वितरण करने के लिए कहा।
जिला कलक्टर डॉ. सौम्या झा ने बताया कि शिविरों के प्रभावी आयोजन के लिए प्री-कैंप गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। जिन स्थानों पर प्री कैंप नहीं हो पाए, वहां फॉलो-अप शिविर आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि पंचायतवार ऑनलाइन प्राप्त लंबित आवेदनों को सूचीबद्ध कर उनके त्वरित निस्तारण के प्रयास किए जा रहे हैं। बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर दौसा अरविंद शर्मा, अतिरिक्त जिला कलक्टर लालसोट मनमोहन मीणा, जिला परिषद के अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी राजेश कुमार मीणा, उपखंड अधिकारी तथा विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।