जयपुर, 16 सितम्बर। मुख्य सचिव श्री वी. श्रीनिवास की अध्यक्षता में बुधवार को राज्य में पीएम ई-बस सेवा योजना के क्रियान्वयन की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में स्थानीय स्वायत्त शासन विभाग के शासन सचिव श्री रवि जैन सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। ई-बस सेवा के संचालन वाले राज्य के आठ जिलों के अधिकारी वीडियो कांफ्रेसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।
श्री रवि जैन ने विस्तृत पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से मुख्य सचिव को योजना के क्रियान्वयन एवं प्रगति की जानकारी दी।
चार्जिंग इन्फ्रास्ट्रक्चर का कार्य समय पर पूरा करें —
मुख्य सचिव श्री वी. श्रीनिवास ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ई-बसों के संचालन के लिए आवश्यक चार्जिंग इन्फ्रास्ट्रक्चर का निर्माण एवं स्थापना समयबद्ध रूप से सुनिश्चित की जाए ताकि बसों का सुचारू संचालन हो सके और यात्रियों को अधिकतम राहत मिल सके। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए योजना के प्रभावी एवं निर्बाध क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ई-बस सेवा के संचालन से संबंधित सभी आवश्यक कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा किया जाए।
राजस्थान को मिलेंगी 1150 ई-बसें—
बैठक में बताया गया कि पीएम ई-बस सेवा योजना के तहत राजस्थान को दो चरणों में कुल 1150 ई-बसें प्राप्त होनी हैं, जिनमें से अब तक 229 ई-बसें प्राप्त हो चुकी हैं। राज्य के जयपुर, बीकानेर, जोधपुर, उदयपुर, कोटा, अजमेर, भीलवाड़ा एवं अलवर सहित आठ जिलों में अब तक 65 चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जा चुके हैं। उल्लेखनीय है कि योजना के तहत संचालित ई-बसें वातानुकूलित इलेक्ट्रिक सिटी बसें हैं जिनमें चार्जिंग इन्फ्रास्ट्रक्चर के साथ डिजिटल टिकटिंग एवं इंटेलिजेंट ट्रांसपोर्ट सिस्टम जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं।