Breaking News

Dr Arvinder Singh Udaipur, Dr Arvinder Singh Jaipur, Dr Arvinder Singh Rajasthan, Governor Rajasthan, Arth Diagnostics, Arth Skin and Fitness, Arth Group, World Record Holder, World Record, Cosmetic Dermatologist, Clinical Cosmetology, Gold Medalist

Rajasthan / मुख्यमंत्री का हिण्डोली दौरा रामसागर झील को बनाएंगे पर्यटन का केन्द्र महात्मा ज्योतिबा फुले एवं सावित्री बाई फुले का बनेगा पेनोरमा राज्य सरकार का संकल्प, हर गांव और घर तक पहुंचे विकास हमारी सरकार में एक भी पेपर लीक नहीं हुआ

clean-udaipur मुख्यमंत्री का हिण्डोली दौरा रामसागर झील को बनाएंगे पर्यटन का केन्द्र महात्मा ज्योतिबा फुले एवं सावित्री बाई फुले का बनेगा पेनोरमा  राज्य सरकार का संकल्प, हर गांव और घर तक पहुंचे विकास हमारी सरकार में एक भी पेपर लीक नहीं हुआ
Aayushman Bhatt April 12, 2026 08:21 AM IST
जयपुर, 11 अप्रेल। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि हर गांव-हर घर तक विकास की किरण पहुंचे और हर व्यक्ति को उसका हक मिले, यह हमारी सरकार का संकल्प है। डबल इंजन की सरकार राजस्थान में सभी वर्गों के विकास के लिए पूर्ण प्रतिबद्धता से काम कर रही है। सभी 200 विधानसभा क्षेत्रों को विकास के लिए पर्याप्त बजट भी दिया है। 
 
श्री शर्मा शनिवार को महात्मा ज्योतिबा फुले जयंती के अवसर पर बूंदी के हिण्डोली में विकास कार्यों के शिलान्यास एवं लोकार्पण समारोह को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि महात्मा ज्योतिबा फुले ने सामाजिक समानता के लक्ष्य को लेकर शिक्षा के क्षेत्र में सुधार के ऐतिहासिक कार्य किए। उन्होंने शिक्षा की अलख जगाई और सबसे पहले अपनी धर्मपत्नी सावित्री बाई फुले को शिक्षित बनाया।
 
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने अगले एक वर्ष तक महात्मा ज्योतिबा फुले की द्विशताब्दी जयंती मनाने की पहल की है। उन्होंने कहा कि बांदीकुई की धरती से प्रदेश के प्रत्येक ब्लॉक में एक उच्च माध्यमिक विद्यालय में ‘सावित्री बाई फुले ई-लाइब्रेरी‘ की स्थापना एवं समस्त जिलों में ‘महात्मा ज्योतिबा फुले आदर्श विद्यालय‘ स्थापित करने की घोषणा की गई है। साथ ही, उन्होंने प्रदेशवासियों से महात्मा ज्योतिबा फुले एवं सावित्री बाई फुले के सामाजिक सुधार के कार्यों से प्रेरणा लेकर देश-प्रदेश के उत्थान में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की है।
 
श्री शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार जरूतमंद परिवारों को 450 रुपये में रसोई गैस सिलेंडर उपलब्ध करवा रही है। सामाजिक सुरक्षा पेंशन में वृद्धि की है। वरिष्ठ नागरिकों को तीर्थ यात्रा योजना से लाभान्वित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राइजिंग राजस्थान में 35 लाख करोड़ रुपये के एमओयू हुए, जिनमें से लगभग 9 लाख करोड़ रुपये के एमओयू धरातल पर उतर रहे हैं। इससे निजी क्षेत्र में युवाओं को रोजगार मिल रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के युवाओं को स्वरोजगार के लिए युवा नीति एवं अन्य योजनाओं के माध्यम से सहायता उपलब्ध करवा रही है। 
 
प्रधानमंत्री के नेतृत्व में धार्मिक एवं सांस्कृतिक केन्द्रों का उत्थान 
 
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व में देश के धार्मिक एवं सांस्कृतिक केन्द्रों के उत्थान का काम हो रहा है। अयोध्या में भगवान श्रीरामलला का भव्य मंदिर निर्माण, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर एवं उज्जैन महाकाल महालोक के निर्माण का कार्य प्रमुखता से हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के विजन से देश व प्रदेश का तेज गति से विकास हो रहा है। वर्ष 2014 के बाद सभी ने गरीब कल्याण की योजनाएं, आतंकवाद-नक्सलवाद का खात्मा और दुनिया में बढ़ता भारत का गौरव देखा है।
 
उन्होंने कहा कि गरीब, युवा, किसान और महिला वर्ग को विकास के केन्द्र में रखकर प्रधानमंत्री श्री मोदी निरंतर काम कर रहे हैं। शौचालय निर्माण, उज्ज्वला योजना, जन-धन योजना और प्रधानमंत्री आवास जैसी योजनाओं से महिलाएं लाभान्वित हुई हैं। इसी प्रकार किसानों को सम्मान निधि और आमजन को आयुष्मान योजना का लाभ मिल रहा है। 
 
बिजली-पानी की आपूर्ति हुई सुनिश्चित, युवाओं को मिल रहा रोजगार
 
श्री शर्मा ने कहा कि हमारी सरकार ने प्रदेश में बिजली, पानी एवं रोजगार का रोडमैप बनाया। इसके तहत राम जल सेतु लिंक परियोजना, यमुना जल समझौता, इंदिरा गांधी नहर एवं गंगनहर का सुदृढ़ीकरण, देवास परियोजना का विस्तार, सोम-कमला-अंबा एवं ब्राह्मणी नदी से संबंधित परियोजनाओं को साकार करने का काम कर रहे हैं। साथ ही, 24 जिलों में किसानों को दिन में बिजली दी जा रही है। उन्होंने कहा कि जेजेएम घोटाले ने हर घर नल से जल जैसी महत्वपूर्ण योजना को कमजोर बनाया। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार में लिप्त व्यक्तियों के विरूद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। 
 
उन्होंने कहा कि गत सरकार में पेपरलीक ने युवाओं के सपनों पर कुठाराघात किया। लेकिन हमारी सरकार ने इसमें लिप्त लोगों को जेल की सलाखों के पीछे भेजने का काम किया है। इसी का परिणाम है कि हमारे कार्यकाल में एक भी पेपर लीक नहीं हुआ है। अब तक युवाओं को 1.25 लाख से अधिक सरकारी पदों पर नियुक्तियां दी गई हैं। इसी प्रकार 1.35 लाख से अधिक पदों पर भर्तियां प्रक्रियाधीन हैं। वहीं, 1.25 लाख से अधिक पदों पर भर्तियों का कैलेण्डर जारी किया है।   
 
बूंदी को मिली विकास कार्यों की सौगातें
 
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार ने बूंदी जिले के विकास के लिए पिछले तीन बजट में महत्वपूर्ण घोषणाएं की हैं। चम्बल कमांड क्षेत्र की दक्षता सुधार के लिए 353 करोड़ रुपये की लागत से 167 किलोमीटर में पक्की लाइनिंग एवं 11 हजार 746 हैक्टेयर कमांड क्षेत्र में खेत सुधार कार्य किए जा रहे हैं। इसी प्रकार 184 करोड़ रुपये की लागत से बूंदी-सीलोर-नमाना-गरडा-भोपटपुरा (एसएच-29बी) 44 किमी. सड़क का कार्य प्रगति पर है। वहीं, एनएच-148डी से एसएच-34 तक 80 करोड़ रुपये की लागत से 33 किमी. सड़क निर्माण कार्य हेतु निविदा खोली गई है। लाखेरी योजना में 35 करोड़ रुपये की लागत से 195 आवासों का निर्माण कार्य चल रहा है।
 
उन्होंने कहा कि राम जल सेतु लिंक परियोजना के प्रथम चरण में लगभग 9 हजार 500 करोड़ रुपये के कार्य प्रगतिरत हैं। इस परियोजना के अंतर्गत लगभग 13 हजार करोड़ रुपये के कार्यों की डीपीआर तैयार की जा चुकी है। इंद्रगढ़ के मुख्य नहर से सम्बंधित कार्य 75 करोड़ रुपये की लागत से करवाए जाने के कार्यादेश जारी किए जा चुके हैं। साथ ही, रामसागर झील का पर्यटन एवं विकास कार्य प्रगति पर है।
 
श्री शर्मा ने कहा कि हमारी सरकार ने वर्ष 2026-27 के बजट में भी बूंदी के लिए कई घोषणाएं की हैं। बूंदी जिले में 70 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न मिसिंग लिंक सड़कों के कार्य एवं 23 करोड़ रुपये की लागत से बूंदी शहर की आवासीय कॉलोनियों में मूलभूत सुविधाओं के कार्य करवाए जाएंगे। बूंदी के नवीन व्यावसायिक एवं आवासीय कॉलोनियों में 30 करोड़ रुपये की लागत से आंतरिक कार्य तथा 60 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न स्थानों पर एनीकट निर्माण, जीर्णाेद्धार, मरम्मत व क्षमता वृद्धि के कार्य भी होंगे।
 
उन्होंने कहा कि राज पहल कार्यक्रम के अंतर्गत प्रथम चरण में जिले में एक स्कूल ऑन व्हील्स स्थापित किया जाएगा। युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दृष्टि से इंस्टीट्यूट ऑफ स्किल डेवलपमेंट एंड वोकेशनल ट्रेनिंग दी जाएगी।
 
इससे पहले मुख्यमंत्री ने हिण्डोली में रामसागर झील के सौन्दर्यीकरण कार्यों का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने घाट पूजन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की तथा पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। साथ ही, उन्होंने वीर तेजाजी मंदिर में दर्शन भी किए। इसके पश्चात श्री शर्मा ने अमरत्या चौराहे स्थित महात्मा ज्योतिबा फुले की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान विभिन्न स्थानों पर जनप्रतिनिधिगण एवं आमजन ने मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया तथा बजट घोषणाओं में दुगारी बांध के जीर्णाेद्धार सहित अन्य सौगातों के लिए आभार व्यक्त किया।
 
समारोह में मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने हिण्डोली में 70 करोड़ रुपये की लागत के 24 विकास कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। इस दौरान जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी मंत्री श्री कन्हैया लाल चौधरी, ऊर्जा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री हीरालाल नागर, सांसद श्री दामोदर अग्रवाल, विधायक श्री गोपीचंद मीना सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे। 
 
मुख्यमंत्री की महत्वपूर्ण घोषणाएं
 
मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने रामसागर झील के द्वितीय चरण के पर्यटन एवं विकास कार्य तथा महात्मा ज्योतिबा फुले एवं सावित्री बाई फुले की जीवनी पर आधारित पेनोरमा और पुस्तकालय बनाने की घोषणा की। साथ ही, रामसागर झील पर सीपेज की समस्या के समाधान के लिए भी आश्वस्त किया। उन्होंने कहा कि रामसागर झील के किनारे भगवान श्रीराम की 21 फीट ऊंची प्रतिमा बनने पर यह आस्था का भी केन्द्र बनेगा। हमारी सरकार सनातन संस्कृति के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
  • fb-share
  • twitter-share
  • whatsapp-share
clean-udaipur

Disclaimer : All the information on this website is published in good faith and for general information purpose only. www.newsagencyindia.com does not make any warranties about the completeness, reliability and accuracy of this information. Any action you take upon the information you find on this website www.newsagencyindia.com , is strictly at your own risk
#

RELATED NEWS