Breaking News

Dr Arvinder Singh Udaipur, Dr Arvinder Singh Jaipur, Dr Arvinder Singh Rajasthan, Governor Rajasthan, Arth Diagnostics, Arth Skin and Fitness, Arth Group, World Record Holder, World Record, Cosmetic Dermatologist, Clinical Cosmetology, Gold Medalist

Rajasthan / चंबल गार्डन बनेगा राजस्थान का प्रमुख पर्यटन केंद्र, कोटा के विकास को मिलेगी नई गति - बिरला - 100 करोड़ की लागत से होगा चंबल गार्डन और किशोरपुरा मुक्तिधाम का पुनर्विकास

चंबल गार्डन बनेगा राजस्थान का प्रमुख पर्यटन केंद्र, कोटा के विकास को मिलेगी नई गति - बिरला - 100 करोड़ की लागत से होगा चंबल गार्डन और किशोरपुरा मुक्तिधाम का पुनर्विकास
Aayushman Bhatt July 12, 2026 02:50 PM IST

 

जयपुर, 12 जुलाई। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने शनिवार को चंबल गार्डन एवं किशोरपुरा मुक्तिधाम के पुनर्विकास कार्यों का शिलान्यास करते हुए कहा कि चंबल गार्डन हाड़ौती की विरासत और कोटा की पहचान है। लगभग पाँच दशक पहले विकसित इस ऐतिहासिक स्थल को अब आधुनिक सुविधाओं के साथ नया स्वरूप दिया जाएगा, ताकि यह राजस्थान और देश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में अपनी विशिष्ट पहचान बना सके। चंबल नदी का प्राकृतिक सौंदर्य, निकट स्थित भगवान शिव का प्राचीन धार्मिक स्थल भीतरिया कुंड और आधुनिक सुविधाएं मिलकर इसे पर्यटन का नया आकर्षण बनाएंगी। उन्होंने कहा कि दो वर्ष बाद यह गार्डन केवल कोटा ही नहीं, बल्कि पूरे राजस्थान के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल होगा।
 
बिरला ने कहा कि कोटा के समग्र विकास का जो सपना हमने देखा था, वह अब तेजी से धरातल पर साकार हो रहा है। आने वाले वर्षों में हमारा कोटा शिक्षा के साथ-साथ खेल, स्वास्थ्य, पर्यटन, आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर और कनेक्टिविटी के क्षेत्र में भी देश के अग्रणी शहरों में अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित करेगा। जिला स्तर पर चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार, नेचुरल हेल्थ सिटी, योग एवं आयुर्वेद आधारित स्वास्थ्य सेवाओं को भी विकसित किया जा रहा है। ट्रिपल आईटी का विस्तार, पशु चिकित्सा महाविद्यालय, कृषि उत्पादों के लिए प्रोसेसिंग प्लांट तथा खेल अधोसंरचना के विकास की योजनाएं क्षेत्र के युवाओं और किसानों के लिए नए अवसर सृजित करेंगी।
 
कनेक्टिविटी में राजस्थान में बनेंगे सिरमौर
बिरला ने कहा कि आने वाले वर्षों में कोटा-बूंदी संसदीय क्षेत्र प्रदेश के सबसे बेहतर कनेक्टिविटी वाले क्षेत्रों में शामिल होगा। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे, अटल एक्सप्रेसवे, भोपाल मार्ग तथा अन्य राष्ट्रीय राजमार्गों के विस्तार से क्षेत्र को नई गति मिलेगी। रेल संपर्क भी और मजबूत होगा तथा वर्ष 2027 तक एयर कनेक्टिविटी शुरू होने के बाद कोटा देश के प्रमुख शहरों से सीधे जुड़ जाएगा। चंबल गार्डन, चंबल रिवर फ्रंट, मुकुंदरा अभयारण्य, रामगढ़ अभयारण्य, संविधान पार्क, वैदिक पार्क तथा दिव्यांगजनों के लिए विकसित किए जाने वाले विशेष पार्क जैसे प्रकल्प कोटा और बूंदी को पर्यटन के क्षेत्र में नई पहचान देंगे।
शासन- प्रशासन को पारदर्शी बनाएंगे
लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि राज्य सरकार के सहयोग से नगर निगम, कोटा विकास प्राधिकरण तथा अन्य विभागों की कार्यप्रणाली को सरल बनाया जाएगा। अगले दो वर्षों में नई मानक कार्यप्रणाली (एसओपी) लागू कर आमजन को अनावश्यक प्रक्रियाओं से राहत देने और प्रशासन में पारदर्शिता बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनता के सुझाव और सहभागिता से ही बेहतर निर्णय लिए जा सकते हैं। लोकतंत्र की यही शक्ति है कि हर मत का सम्मान हो। उन्होंने कोटा-बूंदी को देश का सबसे स्वच्छ, हराभरा तथा सबसे कम प्रदूषण वाला संसदीय क्षेत्र बनाने का आह्वान किया।
 
कोटा को मिलने जा रही नई पहचान-खर्रा
स्वायत्त शासन एवं नगरीय विकास मंत्री  झाबर सिंह खर्रा ने कहा कि लगभग 50 वर्ष पहले कोटा की पहचान बने चंबल गार्डन को अब आधुनिक सुविधाओं के साथ नए स्वरूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि लोकसभा अध्यक्ष का विजन केवल चंबल गार्डन तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे कोटा को पर्यटन के क्षेत्र में नई पहचान दिलाना है। इसी सोच के अनुरूप रिवर फ्रंट सहित शहर की अन्य पर्यटन परियोजनाओं को भी नई दिशा देने पर कार्य किया जा रहा है, ताकि देश-विदेश से अधिकाधिक पर्यटक कोटा आएं और शहर राष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर अपनी मजबूत पहचान बना सके। खर्रा ने कहा कि कि लोकसभा अध्यक्ष के नेतृत्व और कोटावासियों के सहयोग से आने वाले वर्षों में कोटा देश के प्रमुख पर्यटन, चिकित्सा और विकासशील शहरों में अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित करेगा।
 
  • fb-share
  • twitter-share
  • whatsapp-share

Disclaimer : All the information on this website is published in good faith and for general information purpose only. www.newsagencyindia.com does not make any warranties about the completeness, reliability and accuracy of this information. Any action you take upon the information you find on this website www.newsagencyindia.com , is strictly at your own risk
#

RELATED NEWS