जयपुर, 11 जून। पशुपालन, गोपालन, डेयरी एवं देवस्थान विभाग के कैबिनेट मंत्री एवं स्थानीय विधायक श्री जोराराम कुमावत ने गुरुवार को पाली जिले के तख्तगढ़ नगर पालिका उद्यान परिसर में सघन वृक्षारोपण किया। यह पौधारोपण देशव्यापी ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत किया गया। कार्यक्रम के दौरान मंत्री कुमावत ने कहा कि पेड़ हमारे जीवन का आधार हैं। अपनी मां के सम्मान में एक पौधा लगाना और उसकी देखभाल करना हर नागरिक का कर्तव्य होना चाहिए। इस अभियान का उद्देश्य न केवल हरियाली बढ़ाना है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को एक स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण सौंपना भी है।
उन्होंने आमजन से इस मुहिम से जुड़कर अपनी माता जी के नाम पर कम से कम एक पौधा लगाने और उसे पेड़ बनने तक सुरक्षित रखने का आह्वान किया। मंत्री कुमावत ने कहा कि लगातार बढ़ रहे प्रदूषण और असंतुलित मौसम चक्र से बचने का एकमात्र उपाय सघन वृक्षारोपण ही है। स्थानीय प्रशासन और नगर पालिका के अधिकारियों को भी क्षेत्र के सार्वजनिक स्थानों पर अधिक से अधिक पौधे लगाने और पार्क के सौंदर्यकरण के निर्देश दिए गए।