जयपुर, 25 मई। जिला प्रभारी सचिव रोहित गुप्ता ने सोमवार को बाड़मेर जिला कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय समीक्षा बैठक ली। इस दौरान जिला प्रभारी सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले के किसी भी क्षेत्र में पेयजल संकट की स्थिति उत्पन्न नहीं होनी चाहिए तथा जलापूर्ति व्यवस्था की सतत मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।
प्रभारी सचिव रोहित गुप्ता ने निर्देश दिए कि समर कंटिंजेंसी के अंतर्गत संचालित सभी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध पूर्ण किया जाए तथा जलापूर्ति व्यवस्था से जुड़े प्रत्येक कार्य की सतत समीक्षा की जाए ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़े।
प्रभारी सचिव ने जिले में संचालित विकास कार्यों एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि सभी योजनाओं एवं परियोजनाओं का क्रियान्वयन समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि योजनाओं का वास्तविक लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
सम्पर्क पोर्टल एवं नागरिक सेवाओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश
प्रभारी सचिव ने सम्पर्क पोर्टल पर लंबित परिवेदनाओं के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग और पंचायती राज विभाग को नागरिक संतुष्टि स्तर सुधारने के लिए आवश्यक निर्देश दिए।