जयपुर, 27 मई। विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी के कर-कमलों द्वारा बुधवार को अजमेर शहर में विभिन्न स्थानों पर स्थापित हाई मास्ट लाइटों का लोकार्पण किया गया। अजमेर विकास प्राधिकरण द्वारा शहर में 10 हाई मास्ट लाइट लगाई जा रही हैं।
इसी क्रम में बुधवार को छतरी योजना, ममता स्वीट्स वैशाली नगर एवं जवाहर रंगमंच पर हाई मास्ट लाइटों का लोकार्पण किया गया। इसी क्रम में गुरुवार को हरिभाऊ उपाध्याय नगर खेल मैदान एवं पुष्कर रोड स्थित सिटी प्राइड के सामने भी हाई मास्ट लाइट स्थापित की जाएगी।
इससे पूर्व नगर निगम द्वारा भी शहर के विभिन्न स्थानों पर 8 हाई मास्ट लाइट लगाई गई थीं।
विधानसभा अध्यक्ष श्री देवनानी ने कहा कि पिछले दो वर्षों से अधिक के कार्यकाल में निरन्तर विकास कार्यों के शिलान्यास एवं लोकार्पण किए जा रहे हैं। इनके परिणाम स्वरूप आज शहर परिवर्तन की नई कहानी लिख रहा है। उन्होंने कहा कि एक विधानसभा क्षेत्र में पहली बार 18 हाई मास्ट लाइट लगाई गई है। इससे प्रमुख चौराहे एवं सार्वजनिक स्थान रोशन होंगे तथा व्यापारियों, पर्यटकों एवं आमजन को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
उन्होंने कहा कि इसके साथ ही मिनी मास्ट लाइटें भी स्वीकृत की गई हैं। अजमेर उत्तर से जुड़े नवीन ग्रामीण क्षेत्रों में भी एक हजार से अधिक लाइटें लगाई गई हैं। शीघ्र ही नौसर घाटी से पुष्कर रोड तक हेरिटेज लाइटें भी स्थापित की जाएंगी। इससे दीपावली पूर्व शहर पूर्ण रूप से प्रकाशमान दिखाई देगा।
श्री देवनानी ने कहा कि रोशनी के साथ मूलभूत सुविधाओं के विकास पर भी विशेष कार्य किए जा रहे हैं। अजमेर उत्तर क्षेत्र में 100 करोड़ रुपए से अधिक के सड़क निर्माण कार्य कराए गए है। पुष्कर घाटी में बड़े वाहनों की आवाजाही को सुरक्षा की दृष्टि से नियंत्रित किया गया है तथा रिंग रोड के माध्यम से यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ किया जा रहा है।