जयपुर, 20 मई। विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने बुधवार को अशोक उद्यान प्रवेश द्वार से अंबेडकर सर्किल तक संचालित सौंदर्यीकरण एवं विकास कार्यों का निरीक्षण कर अधिकारियों को विभिन्न आवश्यक निर्देश प्रदान किए। उन्होंने कहा कि अजमेर शहर का प्रवेश मार्ग प्रदेश एवं देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं, पर्यटकों एवं आगंतुकों के लिए प्रथम छवि प्रस्तुत करता है। इसके लिए इन मार्गों का विकास शहर की सांस्कृतिक, ऎतिहासिक एवं शैक्षणिक पहचान के अनुरूप किया जाना आवश्यक है।
उन्होंने निर्देश दिए कि अशोक उद्यान प्रवेश द्वार से अजमेर शहर की ओर आरम्भ बस स्टैंड तक सड़क के दोनों ओर चरणबद्ध रूप से हेरिटेज थीम आधारित सौंदर्यीकरण कार्य करवाए जाएं। इसके अंतर्गत निर्धारित दूरी पर आकर्षक डेकोरेटिव एवं हेरिटेज लाइटिंग, फव्वारे, पौधारोपण, हरित पट्टियां तथा व्यवस्थित उद्यान विकसित किए जाएं।
उन्होंने कहा कि सड़क किनारे एवं साइड वॉल्स पर टेराकोटा रंगों का उपयोग करते हुए अजमेर की ऎतिहासिक एवं सांस्कृतिक धरोहर को प्रदर्शित करने वाले चित्र एवं भित्ति चित्र बनाए जाएं।
विधानसभा अध्यक्ष ने निर्देशित किया कि मार्ग के दोनों ओर स्थित दीवारों पर अजमेर की महान विभूतियों, चौहान शासकों, ऎतिहासिक झीलों तथा शहर की गौरवशाली विरासत को दर्शाने वाली कलात्मक पेंटिंग्स विकसित की जाएं। इससे शहर की ऎतिहासिक पहचान को नई पीढ़ी एवं आगंतुकों तक प्रभावी रूप से पहुंचाया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि शिक्षा की नगरी के रूप में विख्यात अजमेर की विशिष्ट पहचान को भी विभिन्न कलात्मक माध्यमों से प्रदर्शित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने अशोक उद्यान प्रवेश द्वार के आसपास स्थित अतिक्रमण एवं झाड़ियों को हटाकर क्षेत्र को सुव्यवस्थित एवं स्वच्छ बनाने के निर्देश दिए। साथ ही विभिन्न प्रमुख चौराहों पर आकर्षक सर्किल विकसित कर उनका सौंदर्यीकरण करवाने के लिए कहा। उन्होंने एमडीएस विश्वविद्यालय पुष्कर चौराहे पर सर्किल निर्माण करवाते हुए वहां सम्राट पृथ्वीराज चौहान की प्रतिमा स्थापित करने तथा संपूर्ण क्षेत्र को हेरिटेज स्वरूप में विकसित करने के निर्देश प्रदान किए।
उन्होंने कहा कि शहर में प्रवेश के प्रमुख मार्ग की सड़क चौड़ाई दोनों ओर समान एवं व्यवस्थित रहे। इसके लिए आवश्यकतानुसार अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। आरपीएससी कार्यालय के सामने सड़क की दोनों ओर समान चौड़ाई बनाए रखने, आरपीएससी चौराहे पर सर्किल निर्माण कर सौंदर्यीकरण करने तथा वहां पहचान स्वरूप प्रतीक चिन्ह विकसित करने के भी निर्देश दिए।
विधानसभा अध्यक्ष ने जयपुर रोड स्थित रॉयल एनफील्ड शोरूम के समीप जलभराव की समस्या का संज्ञान लेते हुए वहां प्रभावी जल निकासी व्यवस्था विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मार्ग के दोनों ओर सुव्यवस्थित ड्रेनेज सिस्टम विकसित किया जाए ताकि वर्षा ऋतु में जलभराव की स्थिति उत्पन्न नहीं हो तथा यातायात सुचारू बना रहे।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि अजमेर शहर के प्रवेश मार्ग को आधुनिक सुविधाओं एवं हेरिटेज स्वरूप के समन्वय के साथ विकसित किया जाए। इससे शहर की ऎतिहासिक गरिमा, सांस्कृतिक विरासत एवं स्वच्छ-सुंदर छवि को नई पहचान मिलेगी।