जयपुर, 18 जून। अजमेर विकास प्राधिकरण द्वारा प्राधिकरण परिसर में लगाये जा रहे शहरी सेवा शिविर-2026 का अजमेर प्रभारी सचिव एवं महानिदेशक इंदिरा गांधी पंचायती राज संस्थान जयपुर श्री नीरज के. पवन ने जिला कलक्टर श्री लोक बन्धु के साथ आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान राज्य सरकार द्वारा प्रदान की जा रही राहत एवं छूट का लाभ जनता तक पहुंचाने के लिए निर्देशित किया। प्रभारी सचिव नें कैम्प में पहुंच कर प्रत्येक शाखा से कार्य निस्तारण प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी प्राप्त करते हुए प्रकरण शीघ्र निस्तारित करने के लिए आवश्यक निर्देश प्रदान किए। लीज होल्ड से फ्री होल्ड पट्टा लेने हेतु आमजन में अधिक प्रचार प्रसार कर सम्बन्धित प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के लिए निर्देशित किया। प्रभारी सचिव द्वारा प्राधिकरण द्वारा शिविर में अपनाई जा रही कार्यप्रणाली से संतुष्ट होते हुए। अधिक उत्साह से राज्य सरकार की मंशा के अनुरुप समाज की अंतिम पंक्ति मे बैठे आमजन को राहत प्रदान करने का संदेश दिया।
अजमेर प्रभारी सचिव ने बताया कि प्रकरणों का यथा संभव मौके पर ही निस्तारण किया जाए। यदि किन्हीं तकनीकी कारणों से प्रकरण तत्समय निस्तारित नहीं हो पाते है तो यथा संभव शीघ्र निस्तारित किया जाना सुनिश्चित किया जाए। निरीक्षण के दौरान प्रभारी सचिव एवं जिला कलक्टर द्वारा आमजन को आवासीय पट्टे, लीज होल्ड से फ्री होल्ड पट्टे, नामान्तरण, अवधि विस्तार, उपविभाजन आदेश आदि के पट्टे वितरित किए गए।
262 प्रकरणों के निस्तारण—
आमजन में शहरी सेवा शिविर के प्रति उत्साह देखने को मिला। गुरूवार को लगभग 750 लोगों ने अपनी समस्याओं के संबंध में पूछताछ एवं जानकारी ली। कृषि भूमि पर बसी स्वीकृत योजनाओं में 62 पट्टे, बकाया लीज जमा करा कर फ्री होल्ड व लीज मुक्ति प्रमाण पत्र के 3 प्रकरण, प्राधिकरण की योजनाओं में 29 प्रकरण, निर्माण अवधि विस्तार के 49 प्रकरण, भवन मानचित्र के 10 प्रकरण, भूखण्डों के उपविभाजन एवं पुर्नगठन के 10, लीज होल्ड से फ्री होल्ड के 17 प्रकरण, नाम हस्तान्तरण के 63 प्रकरण, पुर्नवैध का एक प्रकरण एवं 18 आवंटन पत्र इस प्रकार कुल 262 प्रकरण निस्तारित किए गए। अधिकांश लोगों ने अपनी स्थानीय एवं व्यक्तिगत समस्याओं के निराकरण हेतु जानकारी प्राप्त की। अधिकारियों द्वारा संवेदनशीलता से समस्याओं को सुनकर निराकरण के सुझाव दिए।