राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले के धरियावद थाना क्षेत्र में मणिपुर जैसी सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां पर 31 अगस्त को एक महिला को उसके पति के जरिए निर्वस्त्र करने के बाद पूरे गांव में घुमाया गया है। इस घटना का वीडियो शुक्रवार रात को वायरल होने में प्रशासनमें हड़कंप मच किया। जिसके बाद आलाअधिकारी एक्शन में आते दिखे।
क्या है घटनाक्रम
मामले के अनुसार युवती की एक साल पहले शादी हुई थी। उसका पास के गांव के रहने वाले युवक के साथ प्रेम-प्रसंग था। शादी के बाद हाल ही में किसी अन्य व्यक्ति के साथ चली गई थी। अन्य युवक के साथ जाने पर महिला के पति ने उसके साथ मारपीट कर उसे निर्वस्त्र कर गांव में घुमाया।
निर्वस्त्र कर करीब एक किलोमीटर दौड़ाया
बताया जा रहा है कि निर्वस्त्र कर पीड़िता को करीब एक किलोमीटर दूर गांव के बाहर नदी तक दौड़ाया गया ।इधर इस घटना का वीडियो शुक्रवार को किसी ने वायरल कर दिया। सोशल मीडिया पर वायरल हुए इस वीडियो से घटना की सूचना मिलते ही एसपी अमित कुमार तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हो गए। इससे पहले धरियावद थानाधिकारी पेशावर खान सहित संबंधित थाना केसरियावाद का जाप्ता भी मौके पर पहुंचा एवं स्थिति का जायजा लिया।
जिला पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि घटना के बाद 6 पुलिस टीम का गठन किया। इसके साथ ही धरियावद थाने में पूर्व में सेवाएं दे चुके सभी कांस्टेबल से लेकर सभी बड़े अधिकारियों को मौके पर बुलाया गया है।
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के निर्देश पर पुलिस महानिदेशक उमेश मिश्रा ने शुक्रवार रात अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (अपराध) दिनेश एमएन को प्रतापगढ़ भेजा। धरियावद के थाना प्रभारी पेशावार खान ने बताया कि गुरुवार को थाने क्षेत्र के पहाड़ी गांव में 21 वर्षीय महिला को उसके पूर्व पति काना और अन्य रिश्तेदारों ने निर्वस्त्र कर घुमाया। उन्होंने बताया कि महिला के पूर्व पति काना सहित तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है और अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। पुलिस महानिदेशक उमेश मिश्रा ने शुक्रवार देर रात जयपुर में कहा कि राज्य सरकार ने घटना को बहुत गंभीरता से लिया है और एडीजी दिनेश एमएन को प्रतापगढ़ भेजा गया है।
आरोपियों को पकड़ने के लिए 6 टीम गठित
उन्होंने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छह टीम गठित की गई हैं। प्रतापगढ़ पुलिस अधीक्षक अमित कुमार गांव में कैंप कर रहे हैं। मुख्यमंत्री गहलोत ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, "एक महिला को निर्वस्त्र करने का वीडियो सामने आया है। सभ्य समाज में ऐसी घटनाओं का कोई स्थान नहीं है।" उन्होंने कहा कि आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा और उन्हें सजा दिलाने के लिए 'फास्ट ट्रैक कोर्ट' में मुकदमा चलाया जाएगा।
घटना पर पूर्व सीएम वसुंधरा राजे ने की सरकार की आलोचना
पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि लोगों के सामने गर्भवती महिला को निर्वस्त्र कर घुमाने का वीडियो वायरल हुआ, लेकिन प्रशासन को इसकी जानकारी नहीं हुई। उन्होंने कहा कि इस घटना ने राजस्थान को शर्मसार कर दिया है। बीजेपी नेता ने लोगों से सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर नहीं करने की भी अपील की।