जयपुर, 14 सितम्बर। अतिरिक्त मुख्य सचिव उद्योग श्री शिखर अग्रवाल ने सोमवार को शासन सचिवालय स्थित राजस्थान संपर्क 181 कॉल सेंटर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभाग से संबंधित विभिन्न जिलों से प्राप्त परिवेदनाओं की स्थिति की जानकारी ली तथा परिवादियों से वीडियो एवं ऑडियो कॉल के माध्यम से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को परिवेदनाओं का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करते हुए परिवादियों को समयबद्ध राहत प्रदान करने के निर्देश दिए।
श्री अग्रवाल ने हनुमानगढ़ के अंकित तथा जयपुर के दिनेश कुमार से वीडियो कॉल के माध्यम से संवाद कर पोर्टल पर दर्ज उनकी समस्याओं के संबंध में जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इसी प्रकार बाड़मेर के परिवादी आनंद सिंह तथा पाली के आनंद ने ऑडियो कॉल पर बताया कि उनके रिको क्षेत्र में खराब रोड़ लाइट की शिकायत राजस्थान संपर्क पोर्टल पर दर्ज कराई गई थी, जिसका विभाग द्वारा समाधान कर दिया गया है। उन्होंने अपनी इन समस्याओं के समाधान पर संतोष व्यक्त किया।
अतिरिक्त मुख्य सचिव ने उद्योग विभाग की विभिन्न योजनाओं के तहत स्वरोजगार के लिए ऋण लेने वाले व्यक्तियों की परिवेदनाओं को भी सुना। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन प्रकरणों का प्राथमिकता से परीक्षण कर शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि पात्र परिवादियों को योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।
उन्होंने कहा कि राजस्थान संपर्क पोर्टल सरकार और आमजन के बीच संवाद का महत्वपूर्ण माध्यम है। पोर्टल पर प्राप्त प्रत्येक परिवेदना का संवेदनशीलता एवं गंभीरता से निस्तारण करते हुए आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाना चाहिए।