दिनेश भट्ट
May 16, 2024 06:50 AM IST
वाराणसी : कॉमेडियन श्याम रंगीला का नामांकन हुआ खारिज
कॉमेडियन श्याम रंगीला का नामांकन खारिज कर दिया गया है। सोशल मीडिया एक्स पर उन्होंने पोस्ट लिखकर यह जानकारी दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी से चुनाव लड़ने के लिए रंगीला ने बुधवार को निर्दलीय नामांकन-पत्र दाखिल किया था। इससे पहले पीलीबंगा निवासी स्टेंड अप कॉमेडियन श्याम रंगीला को चुनावों में आज़ाद अधिकार सेना ने समर्थन देने की घोषणा की थी। आजाद अधिकार सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमिताभ ठाकुर ने वाराणसी से नामांकन भरने वाले राजस्थान के श्याम रंगीला को समर्थन देने की घोषणा की थी। ठाकुर ने सोशल मीडिया के माध्यम से रंगीला को समर्थन देने का आधिकारिक ऐलान किया था। वहीं, आजाद अधिकार सेना से समर्थन मिलने के बाद श्याम रंगीला ने आभार जताया।
नामांकन खारिज होने से पहले रंगीला ने सोशल मीडिया पर दी प्रतिक्रिया में कहा था कि समर्थन के लिए आपका हार्दिक धन्यवाद। मैं आप सबकी आवाज बनके खड़ा रहूंगा। रंगीला ने कहा, देर से ही सही, लेकिन नामांकन हो गया। सभी दस्तावेज और प्रक्रिया के साथ अन्य आ रही बाधाओं को पार करके हम अब वाराणसी के लोगों का ऑप्शन बनने की दहलीज पर हैं। अभी बस दो-तीन दिन का और इंतजार, चिन्ह आ जाए। लड़ेंगे पूरे दम से, आप सबके सहयोग से।'
रंगीला कॉमेडियन और मिमिक्री आर्टिस्ट हैं। वे सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्मस पर भी सक्रीय हैं। वे पीएम नरेंद्र मोदी की मिमिक्री करके चर्चा में आए थे। वहीं, रंगीला के नामांकन दाखिल कर चुनाव लड़ने पर सोशल मीडिया में भी उनके खिलाफ कैम्पेन शुरू हो गया है। लोगों का मानना है कि यह सिर्फ पब्लिसिटी स्टंट है और सस्ती लोकप्रियता तथा चर्चाओं में आने के लिए रंगीला चुनाव लड़ रहे हैं। बता दें कि निर्वाचन विभाग के फार्म पर हस्ताक्षर करने के लिए रंगीला को वहां 10 प्रस्तावक भी नहीं मिल पाए थे।
Disclaimer : All the information on this website is published in good faith and for general information purpose only. www.newsagencyindia.com does not make any warranties about the completeness, reliability and accuracy of this information. Any action you take upon the information you find on this website www.newsagencyindia.com , is strictly at your own risk