Breaking News

Dr Arvinder Singh Udaipur, Dr Arvinder Singh Jaipur, Dr Arvinder Singh Rajasthan, Governor Rajasthan, Arth Diagnostics, Arth Skin and Fitness, Arth Group, World Record Holder, World Record, Cosmetic Dermatologist, Clinical Cosmetology, Gold Medalist

Current News / जौहर श्रद्धांजलि समारोह में उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ ने वीरांगनाओं को दी श्रद्धांजलि

जौहर श्रद्धांजलि समारोह में  उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ ने वीरांगनाओं को दी श्रद्धांजलि
Aayushman Bhatt March 16, 2026 09:21 AM IST

जयपुर, 15 मार्च। जौहर श्रद्धांजलि समारोह में मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ ने वीरता, त्याग और स्वाभिमान की प्रतीक चित्तौड़गढ़ की पावन भूमि को नमन करते हुए जौहर की ज्वालाओं में सर्वस्व समर्पित करने वाली वीरांगनाओं को श्रद्धा-सुमन अर्पित किए। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म, मर्यादा और मातृभूमि की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाली इन वीरांगनाओं की स्मृति इतिहास में अद्वितीय है और ऐसा उदाहरण पूरे विश्व में मिलना कठिन है। त्याग और बलिदान की परंपरा क्या होती है, यह चित्तौड़ दुर्ग से सीखा जा सकता है।

श्री योगी ने कहा कि चित्तौड़ का दुर्ग केवल पत्थरों से बना किला नहीं है, बल्कि यह भारत की अस्मिता और स्वाभिमान का प्रतीक है। अपने दादा गुरु के राजस्थान से संबंध का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में जो भी सकारात्मक कार्य हो रहे हैं, उनकी प्रेरणा में राजस्थान और विशेष रूप से चित्तौड़गढ़ की तेजस्वी परंपरा का योगदान है।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री योगी ने कहा कि जौहर सत्ता या साम्राज्य के संघर्ष का प्रतीक नहीं, बल्कि भारतीय अस्मिता, नारी सम्मान और सुरक्षा का प्रतीक है। यह केवल इतिहास का स्मरण नहीं, बल्कि इतिहास रचने वाली इस धरती का साक्षात्कार है। यह कार्यक्रम इस बात का भी संदेश देता है कि भविष्य में किसी भी बहन या बेटी को जौहर व्रत के उस दौर से गुजरना नहीं पड़े और हर बेटी को सुरक्षा व सम्मान की गारंटी मिले।

केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा कि चित्तौड़गढ़ दुर्ग भारत के स्वाभिमान, अस्मिता और अदम्य जिजीविषा का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि चित्तौड़गढ़ दुर्ग यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल होने के कारण यहां विकास कार्यों की कुछ सीमाएं हैं, लेकिन प्रयास है कि यहां आने वाले पर्यटक राष्ट्रप्रेम, गौरव और गर्व की भावना के साथ लौटें। इसके लिए दुर्ग में एक्सपीरियंस सेंटर स्थापित करने की पहल प्रस्तावित है। 

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए विधायक श्री विश्वराज सिंह मेवाड़ ने कहा कि हमारी समृद्ध सांस्कृतिक और गौरवमयी विरासत को संभालना हमारी जिम्मेदारी है। इतिहास किसी एक जाति या समुदाय का नहीं, बल्कि हम सभी का है। उन्होंने कहा कि ऐतिहासिक स्थलों को इतिहास की दृष्टि से देखा जाना चाहिए, मनोरंजन की दृष्टि से नहीं। इतिहास हमें पूर्वावलोकन का अवसर देता है।

विधायक श्री चन्द्रभान सिंह आक्या ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि चित्तौड़गढ़ की सांस्कृतिक और शौर्य परंपरा को जौहर श्रद्धांजलि समारोह में जनभागीदारी से नई व्यापकता मिली है।

कार्यक्रम के दौरान पूर्व राज्यपाल श्री वी.पी. सिंह बदनौर द्वारा लिखित पुस्तक “जयमल वंश प्रकाश” का अतिथियों ने विमोचन किया। समारोह में उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए प्रतिभाओं को अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया।  इस अवसर पर राजस्थान के कैबिनेट मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह, सहकारिता राज्यमंत्री श्री गौतम दक, विधायक श्री श्रीचन्द कृपलानी, श्री अर्जुनलाल जीनगर, श्री रवीन्द्र सिंह भाटी, श्री वीरेन्द्र सिंह कानावत, श्री दिलीप सिंह परिहार सहित जनप्रतिनिधियों ने भी संबोधित किया।

जौहर स्मृति संस्थान के अध्यक्ष राव नरेन्द्र सिंह विजयपुर ने अतिथियों का स्वागत किया तथा महामंत्री श्री तेजपाल सिंह शक्तावत ने प्रतिवेदन प्रस्तुत किया।

कालिका माता मंदिर में की पूजा-अर्चना-

कार्यक्रम से पूर्व उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ पुलिस लाइन स्थित हेलीपेड पर पहुंचे, जहां राज्यमंत्री श्री गौतम दक, सांसद श्री सी.पी. जोशी, विधायक श्री चन्द्रभान सिंह आक्यां, श्री श्रीचन्द कृपलानी, श्री अर्जुनलाल जीनगर, श्री अशोक कोठारी, श्री वीरेन्द्र सिंह कानावत, श्री दिलीप सिंह परिहार के साथ जिला कलक्टर श्री आलोक रंजन और पुलिस अधीक्षक श्री मनीष त्रिपाठी ने उनकी अगवानी की। इसके पश्चात श्री योगी दुर्ग स्थित जौहर स्थल पहुंचे, जहां उन्होंने पुष्पांजलि अर्पित कर यज्ञ में आहुति दी। उन्होंने कालिका माता मंदिर में पूजा-अर्चना कर देश और प्रदेश की समृद्धि की कामना भी की।

  • fb-share
  • twitter-share
  • whatsapp-share

Disclaimer : All the information on this website is published in good faith and for general information purpose only. www.newsagencyindia.com does not make any warranties about the completeness, reliability and accuracy of this information. Any action you take upon the information you find on this website www.newsagencyindia.com , is strictly at your own risk
#

RELATED NEWS