गाजियाबाद के हज हाउस को योगी ने बनाया कोरोना वायरस के लिए 500 बेड का आइसोलेशन सेंटर !
उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने कोरोना वायरस से निपटने के लिए हरसंभव प्रयास किए हैं। राज्य सरकार के स्वास्थ्य विभाग ने गाजियाबाद स्थित हज हाउस 500 बेड का आइसोलेशन सेंटर बनाने का निर्णय लिया है। इस सेंटर में कोरोना के संदिग्ध मरीजों को रखा जाएगा। आइसोलेशन सेंटर बनाने से पहले राज्य के प्रशासनिक अधिकारियों के अलावा अल्पसंख्यक बोर्ड के अधिकारियों ने भी इसका निरीक्षण किया।
गाजियाबाद के अर्थला में बने इस आलीशना हज हाउस में कई बड़े कमरे हैं जिसमें रहने की सभी मूलभूत सुविधाएं मौजूद हैं। राज्य सरकार के फैसले के बाद तैयार होने वाले 500 बेड का आइसोलेशन सेंटर में जिला अस्पताल के डॉक्टरों की तैनाती की जाएगी। अगले तीन से चार दिनों के अंदर यह सेंटर तैयार हो जाएगा। गाजियाबाद के डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट शैलेंद्र कुमार ने बताया, 'यह कदम राज्य सरकार के आदेश के बाद उठाया गया है। जिन लोगों के सैंपल लिए गए हैं उन्हें 14 से 28 दिन की विशेष निगरानी के लिए यहां रखा जाएगा। यदि मरीज की रिपोर्ट पॉजिटिव मिलती है तो उनहें इलाज के लिए दिल्ली शिफ्ट किया जाएगा।'
सपा सरकार ने बनाया था हज हाउस
इस हज हाउस का निर्माण पूर्ववर्ती अखिलेश सरकार के दौरान किया गया था। इस हज हाउस को आजम खान के ड्रीम प्रोजक्ट्स में से एक माना जाता है। लगभग 54 करोड़ रुपये की लागत से बने इस हज हाउस में मुस्लिम समाज के लोग जब सऊदी अरब हज करने जाते हैं तो यहीं एकत्र होते हैं। यहां से सब वीजा लेकर आगे के लिए रवाना होते हैं। 2018 में योगी सरकार ने इसे सील कर दिया था।