जयपुर, 18 मार्च। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा राजस्थान दिवस की पूर्व संध्या पर बुधवार को श्री गोविंददेव जी की महाआरती में शामिल हुए। उन्होंने विधिवत मंत्रोच्चार के मध्य सपत्नीक आरती एवं पूजा-अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली एवं समृद्धि के लिए कामना की।
मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं का आत्मीयता के साथ अभिवादन किया। इस दौरान श्री गोविंददेव जी मंदिर के महंत ने दुपट्टा ओढ़ाकर मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया। राजस्थान दिवस के उपलक्ष्य में आस्था, परंपरा एवं संस्कृति के इस अनूठे संगम से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
इस अवसर पर संसदीय कार्य मंत्री श्री जोगाराम पटेल, विधायकगण श्री गोपाल शर्मा व श्री बालमुकुंदाचार्य, अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा की पहल पर गत वर्ष से राजस्थान दिवस विदेशी ग्रेगेरियन कलैण्डर के स्थान पर भारतीय पंचाग की तिथि नव संवत चैत्र शुक्ल प्रतिपदा को मनाने का निर्णय किया गया। राज्य सरकार द्वारा इस वर्ष भी प्रदेशभर में चैत्र शुक्ल प्रतिपदा (19 मार्च) को विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के साथ धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन के साथ भव्य रूप में राजस्थान दिवस मनाया जा रहा है। इसी क्रम में राजस्थान दिवस की पूर्व संध्या पर देवस्थान विभाग द्वारा विशेष आयोजनों के तहत प्रदेश के सभी राजकीय मंदिरों में सजावट, दीप प्रज्ज्वलन, विशेष पूजा-अर्चना एवं आरती का आयोजन किया गया है।