केंद्रीय इलेक्ट्रोनिक्स एवं आईटी, कौशल विकास तथा उद्यमशीलता राज्य मंत्री श्री राजीव चंद्रशेखर ने कर्नाटक में यूनेस्को की विश्व धरोहर स्थल - ऐतिहासिक पट्टाडकल मंदिर परिसर में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस समारोह का नेतृत्व किया।
श्री राजीव चंद्रशेखर ने पट्टाडकल मंदिर परिसर में भव्य योग दिवस समारोहों में भाग लेने आए 3000 से अधिक योग उत्साहियों के जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘भारत को योग पर गर्व है। विश्व को योग पर गर्व है।“‘ उन्होंने कहा कि योग प्रेम, करुणा तथा दयालुता का प्रतीक है जो आज के विश्व में और अधिक प्रासंगिक हो गया हैं। उन्होंने कहा कि नया भारत वसुधैव कुटुम्बकम के अपने सांस्कृतिक लोकाचार से विश्व को प्रेरित करता है।
श्री चंद्रशेखर ने कहा, ‘‘योग विश्व को भारत का उपहार है। ‘‘अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस समारोह 2014 में संयुक्त राष्ट्र द्वारा इसे अपनाये जाने के बाद पहली बार 2015 में मनाया गया था। 2015 में, 36 हजार लोगों ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस (आईडीवाई) में भाग लिया था। 2021 में दुनिया भर में 15 करोड़ लोगों ने इसमें सहभागिता की। उन्होंने कहा ‘‘यही योग की शक्ति है, यही भारत की संस्कृति और प्रभाव है। हमारे प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने न केवल योग पर विश्व को गौरवान्वित किया है बल्कि उन्होंने विश्व को योग का एक सक्रिय प्रवर्तक और पक्षधर भी बना दिया है।
श्री राजीव चंद्रशेखर ने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस (आईडीवाई) प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के सबका साथ, सबका विकास के दर्शन के अनुरुप है। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी को योग को वैश्विक बनाने के प्रयासों के लिए भी श्रेय दिया। श्री राजीव चंद्रशेखर ने कहा, ‘‘आईडीवाई अपनी कड़ी मेहनत और दृढ़ता के कारण वैश्विक स्तर पर पहुंच गया है। आज योग विश्व की जीवन शैली बन गया है।“
“मानवता के लिए योग‘‘ की थीम के साथ आईडीवाई 2022 ने ‘‘वैश्विक स्तर पर ब्रांड इंडिया‘‘ पर फोकस करने के साथ इसने प्रतिष्ठित स्थानों को प्रदर्शित किया। आईडीवाई 2022 अपनी प्रकृति में विशिष्ट रहा क्योंकि इसे ‘‘गार्जियन रिंग‘‘ की अवधारणा के साथ विश्व भर में मनाया गया जहां विदेशों में विभिन्न भारतीय मिशनों ने सूर्य की गति के साथ साथ योग का सामूहिक प्रदर्शन किया। समारोहों की झलक डीडी इंडिया पर भी प्रसारित की गई।
कर्नाटक का पट्टाडकल आईडीवाई 2022 मनाने के लिए चुने गए 75 प्रतिष्ठित स्थलों में से एक स्थान है। यह प्रतिष्ठित स्थल उत्तरी कर्नाटक में मल्लाप्रभा नदी के तट पर बागलकोट जिले में स्थित है और यूनेस्को का एक विश्व धरोहर स्थल है। स्मारकों के समूह के साथ एक विश्व धरोहर स्थल होने के कारण पट्टाडकल सदभावनापूर्ण तरीके से आईडीवाई 2022 मनाने के लिए एक आदर्श विरासत/प्रतिष्ठित स्थल था जिसने विश्व के समक्ष कर्नाटक की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत तथा विविधता प्रदर्शित की।
पट्टाडकल में आईडीवाई 2022 का आयोजन इलेक्ट्रोनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (एमईआईटीवाई) के सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क ऑफ इंडिया (एसटीपीआई) द्वारा किया गया था। इस कार्यक्रम का नेतृत्व केंद्रीय इलेक्ट्रोनिक्स एवं आईटी, कौशल विकास तथा उद्यमशीलता राज्य मंत्री श्री राजीव चंद्रशेखर द्वारा बागलकोट जिले के अन्य गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति में किया गया। दो घंटे तक चलने वाले इस समारोह में आईडीवाई 2022 के मुख्य कार्यक्रम की स्ट्रीमिंग भी की गई जिसे कर्नाटक के मैसूर पैलेस में मनाया गया जिसका नेतृत्व प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा किया गया।
कार्यक्रम का आरंभ श्री राजीव चंद्रशेखर द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया जिसके बाद मंगलाचरण किया गया। एसटीपीआई के डीजी श्री अरविंद कुमार ने अपने स्वागत भाषण के साथ कार्यक्रम की शुरुआत की तथा रेखांकित किया कि आईडीवाई 2022 आजादी का अमृत महोत्सव वर्ष का हिस्सा है और इसे गार्जियन रिंग की अवधारणा के साथ दुनिया भर में 75 स्थानों के अतिरिक्त देश की 75 प्रतिष्ठित जगहों पर मनाया जा रहा है। उन्होंने प्रतिभागियों से योग को एक दिन तक ही सीमित न रखने बल्कि प्रतिदिन के जीवन में अपनाने का आग्रह किया।
बागलकोट के सांसद श्री पी सी गद्दीगौदर ने अपने संबोधन में माननीय प्रधानमंत्री तथा भारत सरकार को आईडीवाई 2022 का समारोह मनाने के लिए कर्नाटक में मैसूर और पट्टाडकल के ऐतिहासिक स्थानों को चुनने के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने छात्रों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल करने और एक प्रसन्न जीवन व्यतीत करने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने इतने व्यापक स्तर पर समारोह को आयोजित करने के लिए सभी आयोजकों को भी धन्यवाद दिया।
जीपी पट्टाडकल के अध्यक्ष श्री एस पी टोटगर तथा बंगलुरु के एमएलसी श्री पी एच पुजर ने भी इलेक्ट्रोनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (एमईआईटीवाई) के सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क ऑफ इंडिया (एसटीपीआई), कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय तथा जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ साथ योग दिवस समारोहों में भाग लिया।