उदयपुर के सायरा में नाबालिक लड़की को बंधक बनाकर किया 3 दिन तक रेप !
उदयपुर जिले में सायरा थाना क्षेत्र के पाबा गांव में नाबालिग को बंधक बनाकर 3 दिन तक लगातार रेप करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस मामले में पुलिस की गंभीर लापरवाही भी देखने में आई है जिसमें 4 दिन पूर्व पीड़िता द्वारा सायरा थाने में रिपोर्ट देने के बावजूद पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया और साथ ही पीड़िता का कोई मेडिकल नहीं करवाया गया।
लेकिन जब सोमवार को पीड़िता की हालत बिगड़ी तो परिजन उसे नजदीक गोगुंदा स्थित हॉस्पिटल ले गए और वहां पर पुलिस कार्यवाही के कागज नहीं होने के अभाव में डॉक्टर ने इलाज करने से मना कर दिया लेकिन पीड़िता की हालत को देखकर वहां पर इंजेक्शन लगाकर पीड़िता को गोगुंदा हॉस्पिटल से उदयपुर के महाराणा भूपाल चिकित्सालय रेफर कर दिया गया।
सोमवार देर रात जिला पुलिस अधीक्षक कैलाश विश्नोई ने पीड़िता के बयान लिए और बताया कि पीड़िता अपनी बहन के साथ 9 मार्च को होली के दिन खरीदारी करने के लिए सायरा गांव गई हुई थी। रात को लौटते समय बरौली गांव में मेरकाखेत निवासी किरण पुत्र प्रकाश और उसका भतीजा कैलाश उन्हें रोककर जबरन उसे अपने घर पर ले गए और वहां 3 दिन तक बंधक बनाकर कैलाश ने उसके साथ बलात्कार किया। 12 मार्च को आरोपी पीड़िता को उसके घर से थोड़ी दूर पर छोड़कर भाग गए।