तलवार के दम पर लूट मचाने वाली मसाला गैंग को धर दबोचा उदयपुर पुलिस ने !
उदयपुर पुलिस ने बीते सप्ताह 12 लूट की वारदात को अंजाम देने वाले गिरोह को सीखचों के पीछे पहुँचा दिया है। शनिवार को उदयपुर जिला पुलिस ने शहर के निकटवर्ती झाड़ोल, नाई, अम्बामाता एवं गोगुन्दा थाना क्षेत्रो में राह चलते लोगो से निरंतर तलवार से हमला कर लूटपाट कर रही तलवार गैंग (मसाला गैंग) का पर्दाफाश करते हुए गैंग को दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है वहीँ गैंग में शामिल दो बाल अपचारियों को डिटेन भी किया है।
जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान मामले का खुलासा करते जिला पुलिस अधीक्षक डॉ राजीव पाचार ने बताया की 14 फरवरी से 18 फरवरी के बीच तलवार से हमला कर लूटपाट करने गैंग के दो सदस्य 22 वर्षीय लहर सिंह पुत्र धन सिंह निवासी लखमावतो का गुडा केलवाड़ा जिला राजसमंद एवं 19 वर्षीय हेमेंद्र चौधरी उर्फ़ नेपाली पुत्र लक्ष्मीलाल निवासी बाघपुरा झाड़ोल को बापर्दा गिरफ्तार किया गया है और गैंग द्वारा घटनाओ में लिप्त दो बाल अपचारियों को भी डिटेन किया गया है।
जिला पुलिस अधीक्षक ने बताया की गिरफ्तारशुदा गैंग ने 14 फरवरी से 18 फरवरी के बीच की गई आठ वारदातों के अतिरिक्त 4 अन्य लूट की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है। अभियुक्त हेमेंद्र चौधरी उर्फ़ नेपाली के खिलाफ मारपीट, चोरी नकबजनी के कुल 5 केस तथा लहर सिंह के खिलाफ लूट के 2 केस पूर्व में दर्ज है वहीँ 1 बाल अपचारी के खिलाफ भी लूट के 2 केस पूर्व में दर्ज हो चुके है।
किस तरह देते थे वारदात को अंजाम
तलवार गैंग के शातिर महाराणा भूपाल जनरल हॉस्पिटल के पार्किंग स्टैंड पर काम करते है। गैंग योजनाबद्ध तरीके से उदयपुर शहर के आसपास के ग्रामीण क्षेत्रो में वारदात के लिए सुबह 3 बजे उठकर मोटरसाइकिल से आने जाने वाले लोगो की रैकी करते थे और मौका पाकर सुनसान स्थानों पर रास्ता पूछने के बहाने रुकवा कर या अपने वाहनों को आड़े लगाकर लात मारकर, गिराकर तलवार व धारदार हथियार से हमला कर घायल कर नकदी, मोबाईल तथा वाहन आदि की लूट की घटना को अंजाम देते है। यह इतने शातिर है की पीड़ित द्वारा पुलिस को तत्काल सूचना नहीं दी सके,इसलिए पीड़ित का मोबाईल फोन और गाडी की चाबी भी अपने साथ ले जाते थे।
पुलिस ने बताया की इस गैंग को धर दबोचने के लिए गठित की गई टीम ने समस्त घटनाओ के घटनास्थलों का बारीकी से निरीक्षण किया गया। वहीँ पीड़ितों से जांच पड़ताल के साथ साथ घटनास्थल के आसपास के निवासियों से जानकारी ली गयी । साइबर सेल से घटनाओ में प्रयुक्त एवं छीने गए मोबाइल के सम्बन्ध में तकनीकी अनुसन्धान के साथ पूर्व के चालानशुदा अपराधियों से पूछताछ और हुलिए के आधार पर दबिश देकर अपराधियों को धर दबोचा।
राहगीर बन देते थे लूट की वारदात को अंजाम
पुलिस अधीक्षक राजीव पचार ने बताया कि आरोपी सुबह-सुबह शहर के सुनसान मार्ग पर चोरी और लूट की वारदात को अंजाम देते थे। आरोपी सुबह 4:00 बजे रैकी पर निकलते और मोटरसाइकिल पर सवार लोगों को रोक उनसे रास्ता पूछते। इस दौरान तलवार से हमला कर लूट की वारदात को अंजाम देते थे। आरोपियों द्वारा बीते 7 दिनों में उदयपुर के झाडोल, नाई, अंबामाता और गोगुंदा क्षेत्र में 12 लूट की वारदात को अंजाम दिया जा चुका था। जिसमें आरोपियों ने मोबाइल, पर्स, घड़ी, नगदी और जेवरात की लूट की थी।
गर्लफ्रेंड को गिफ्ट देने के लिए शुरू की थी लूट
पुलिस ने बताया कि आरोपी हेमंत और लहर द्वारा वैलेंटाइन डे के दिन अपनी गर्लफ्रेंड को गिफ्ट देने के लिए लूट की योजना बनाई। इसके बाद दोनों ने लूट की राशि से अपनी गर्लफ्रेंड के लिए मोबाइल फोन और गिफ्ट भी खरीदे थे। ऐसे में पुलिस द्वारा आरोपियों से पूछताछ कर चोरी और लूट की गई सामग्री की तलाश की जा रही है।
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों ने 12 लूट की घटनाओं को करना कबूल किया है। इन लूट की घटनाओं में पुलिस के पास महज 8 पीड़ित ने मामला दर्ज कराया था, जबकि 4 ऐसे मामले हैं जिनमें किसी ने कोई FIR दर्ज नहीं कराई है। पुलिस ने इन आरोपियों के पास से तलवार, बाइक, कुछ मोबाइल और खाली पर्स आदि बरामद कर लिए हैं।
अपराधियों को पकड़ने में श्रीमती प्रेम धणदे वृत्ताधिकारी वृत्त गिर्वा, साबिर खान नाई थानाधिकारी, मनोहर सिंह हेड कांस्टेबल, दिनेश सिंह, राजेंद्र सिंह कांस्टेबल थाना गोवर्धन विलास, जगदीश प्रसाद, नंदकिशोर कांस्टेबल थाना नाई, गजराज हेड कांस्टेबल, लोकेश रायकवाल कांस्टेबल साइबर सेल की मुख्य भूमिका रही।

https://play.google.com/store/apps/details?id=com.wincompete&hl=en
Disclaimer : All the information on this website is published in good faith and for general information purpose only. www.newsagencyindia.com does not make any warranties about the completeness, reliability and accuracy of this information. Any action you take upon the information you find on this website www.newsagencyindia.com , is strictly at your own risk