न्यूज़ एजेंसी इंडिया के प्रयास लाये रंग,जिला प्रशासन ने लिए महत्वपूर्ण निर्णय !
जिला कलेक्टर आनंदी और एसपी कैलाश चन्द्र विश्नोई ने रविवार को मीटिंग में कोरोना के संक्रमण के बचाव को लेकर कुछ अहम निर्णय लिए। जहां होम क्वेरेंटाइन किए लोगों की निगरानी बढ़ाई गयी, वहीं जिला नियंत्रण कक्ष को वार रूम में तब्दील कर दिया। सभी रेस्टोरेंट को आदेश दिए कि वे जरूरतमंदों के वितरण के लिए अपने किचन में फूड पैकेट्स तैयार करें।
अब एक साथ छः व्यक्ति हेल्पलाइन पर बात कर सकेंगे
अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रशासन) ओपी बुनकर ने बताया कि कोविड वार रूम में स्थापित दो टेलीफोन नंबर्स के लगातार बिजी आने के कारण चार अन्य टेलीफोन की लाइनों को भी इन टेलीफेान से जोड़ा गया है। इस स्थिति में अब एक बार में छः व्यक्ति इन दोनों फोन पर बात कर सकेंगे तथा टेलीफोन के बिजी आने की समस्या से मुक्ति मिल सकेगी। इससे हेल्पलाइन पर फोन करने वाले जरूरतमंदों को राहत मिलेगी।
उन्होंने बताया कि इस कोविड वार रूम के टेलीफोन नंबर 0294-2414620 तथा 0294-2412049 पर सूचना उपलब्ध कराई जा सकती है। यह वार रूम चौबीसों घंटे कार्यरत रहेगा और इसमें रोस्टरवार अधिकारियों को नियुक्त किया गया है।
आपको बताते चलें कि कंट्रोल रूम के फोनों के बिजी होने की समस्या के बारे में न्यूज़ एजेंसी इंडिया ने यह बात मुख्यमंत्री कार्यालय तक पहुंचाई थी और मुख्यमंत्री कार्यालय के एचडी लोकेश शर्मा ने विश्वास दिलाया था कि 24 घंटे के भीतर इस समस्या का समाधान कर लिया जाएगा।
व्हाट्सप्प ग्रुप और लाइव लोकेशन से होम इसोलेटेड लोगों पर नज़र
कोरोना संक्रमण से बचाव व रोकथाम को लेकर जिला प्रशासन द्वारा अलग-अलग तरीकों से प्रयास किए जा रहे हैं। इस कार्य में सूचना प्रौद्योगिकी का भी सहारा लेकर होम क्यूरेनटाईन किए गए लोगों पर निगाहें रखी जा रही है।
कलक्टर के निर्देशों पर विदेशों, अन्य राज्यों व चिह्नीत जिलों से पहुंचे लोगों को चिह्नीत कर होम क्यूरेनटाईन में रहने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही इन लोगों पर सामुदायिक निगरानी दलों के साथ-साथ टेलीफोन पर लाईव लोकेशन को शेयर करवाते हुए नज़र रखी जा रही है। इसके अलावा कुछ अधिकारी इन लोगों से ग्रुप व्हाट्सअप विडियो चेटिंग के माध्यम से संवाद कर रहे हैं और उन्हें होम क्यूरेनटाईन के निर्देशों की पालना के लिए समझा भी रहे हैं।
यहां लोगों को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी क्योंकि केवल सूचना प्रौद्योगिकी से ही लोगों पर नजर नहीं रखी जा सकती है इसमें जनभागीदारी की महत्व आवश्यकता है और साथ ही प्रशासन को क्वॉरेंटाइन में रह रहे लोगों को भागने से बचाने के लिए कहीं ना कहीं पुलिस निगरानी तंत्र की भी जरूरत होगी।
समस्त होटल व रेस्टोरेंट संचालकों को फूड पैकेट्स बनाने के निर्देश
कलक्टर ने आपदा की स्थिति में फूड पैकेट्स बनाने संबंधित कार्य के लिए आवश्यक दिशा निर्देश जारी किए हैं| कलक्टर ने आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 में प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए जिले के समस्त होटल व रेस्टोरेंट संचालक-प्रबंधकों को फूड पैकेट्स बनाने के लिए चिन्हित करते हुए निर्देश दिए कि इसके लिए पर्याप्त खाद्य सामग्री आदि एवं भोजन बनाने के लिए कुक आदि को तैयार रखना। ताकि आपात स्थिति में आवश्यकता होने पर आदेश जारी होने के 4 घंटे की अवधि में फूड पैकेट उपलब्ध कराया जा सके।
मुखर्जी चौक में सब्जी विक्रेताओं को सब्जीमण्डी में किया शिफ्ट
कोरोना संक्रमण से बचाव को लेकर प्रशासन ने रविवार को मुखर्जी चौक में स्थापित सब्जी मण्डी को भी सुव्यवस्थित किया। प्रशासन ने मुखर्जी चौक में बैठने वाले सब्जी विक्रेताओं को भी सब्जी मंडी के अंदर शिफ्ट कर दिया है और विक्रेताओं के बैठने व सब्जियों की बिक्री के लिए उपयुक्त व्यवस्था की है।
आपातकालीन स्थिति के लिए होटल कजरी अधिग्रहित
कलक्टर ने आदेश जारी कर आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 में प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए आपातकालीन स्थिति के लिए आरटीडीसी के होटल कजरी को मय समस्त संसाधनों सहित अधिग्रहित कर लिया है। साथ ही उप जिला शिक्षा अधिकारी विजय सारस्वत को प्रभारी नियुक्त कर केन्द्र व राज्य से प्राप्त एडवाइजरी व जिला प्रशासन के दिशा-निर्देशानुसार मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी से समन्वय स्थापित करते हुए कार्य करने के निर्देश प्रदान किए है।
लेकिन अब तक उदयपुर प्रशासन सैनिटाइजेशन को लेकर गंभीर होता नजर नहीं आ रहा है पिछले 2 दिनों से बाहर के राज्यों से कई मजदूर पलायन कर उदयपुर से गुजर कर अपने गांव तक पहुंचे हैं। निश्चित तौर पर उदयपुर की सड़कें और सार्वजनिक स्थान संक्रमण से ग्रस्त हो सकते हैं ।ऐसे समय में उदयपुर प्रशासन से आशा की जाती है कि सैनिटाइजेशन के मामले में वह गंभीर रुख अपनाएं और सैनिटाइजेशन के लिए अपने वाहन और उपकरणों की संख्या को बढ़ाकर सैनिटेशन का काम लगातार 24 घंटे किया जाए और साथ ही इसकी वीडियोग्राफी भी की जाए।