03 फरवरी 2022 : आंध्र प्रदेश के गुंटूर में जिन्ना टावर पर तिरंगा फहराने का मामला अब शांत होता दिख रहा है। सूत्रों के अनुसार मंगलवार, 1 फरवरी को वाईएसआर कांग्रेस के एक विधायक ने टावर को तिरंगे के रंग में रंगवा दिया है।
इससे पहले भारतीय जनता पार्टी द्वारा इस टॉवर के नाम को बदलने की भी मांग की जा रही थी। पिछले महीने 26 जनवरी को हिन्दू वाहिनी संगठन से संबंधित कुछ लोगों द्वारा जिन्ना टावर पर तिरंगा फहराने की कोशिश की गयी थी, जिन्हें बाद में हिरासत में लिया गया था।
मंगलवार को गुंटूर पूर्व के विधायक मोहम्मद मुस्तफा ने कहा कि विभिन्न संस्थाओं और लोगों के कहने पर टावर को तिरंगे से सजाने और टावर के पास राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए एक पोल बनाने का फैसला लिया गया है। इसके अलावा उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री जगन मोहन रेड्डी ने जिन्ना टॉवर पर तिरंगा पेंट करने का आदेश दिया था।
इससे पहले बीजेपी ने मांग की थी कि इस टावर का नाम पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम के नाम पर होना चाहिए।
इसी क्रम में गुरुवार को जिन्ना टावर पर तिरंगा फहराया गया। कई लोग तिरंगे के साथ जिन्ना टावर पर जश्न मनाते देखे गए है।