जयपुर में कोरोना के संदिग्ध मरीज की पहचान से हड़कम्प,28 दिन तक 18 लोग निगरानी में !
राजस्थान की राजधानी जयपुर में कोरोना के संदिग्ध मरीज की पहचान हुई है। चीन से एमबीबीएस की पढ़ाई करके लौटे एक डॉक्टर के कोरोना वायरस से संक्रंमित होने का शक है।
राजस्थान के स्वास्थ्य मंत्री डॉ रघु शर्मा ने कोरोना वायरस से संभावित संक्रमित डॉक्टर को अलग वॉर्ड में रखने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही उनके पूरे परिवार की स्क्रीनिंग के निर्देश दिए हैं. डॉक्टर का इलाज सवाई मान सिंह मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। स्वास्थ्य मंत्री शर्मा ने संदिग्ध मरीज के नमूने तत्काल पुणे स्थित नेशनल वायरोलॉजी लैब भिजवाने के निर्देश दिये हैं।
उन्होंने बताया कि प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रदेश के 4 जिलों में 18 व्यक्ति चीन की यात्रा कर लौटे हैं। संबंधित चारों जिलों के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारियों को इन सभी को 28 दिनों तक लगातार निगरानी में रखने के निर्देश दिए गए हैं।