आज के दिन लड़ा गया सारागढ़ी युद्ध जिसमे 21 लोगों ने हज़ारो अफगानों से लिया लोहा !
12 सितंबर 1897 को सुबह 8 बजे सारागढ़ी किले के संतरी ने दौड़कर अंदर ख़बर दी कि हज़ारों पठानों का एक लश्कर झंडों और भालों के साथ उत्तर की तरफ़ से सारागढ़ी क़िले की तरफ़ बढ़ रहे है। उनकी तादाद 8,000 से 14,000 के बीच थी। संतरी को फ़ौरन अंदर बुला लिया गया और सैनिकों के नेता हवलदार ईशेर सिंह ने सिग्नल मैन गुरमुख सिंह को आदेश दिया कि पास के फ़ोर्ट लॉकहार्ट में तैनात अंग्रेज़ अफ़सरों को तुरंत हालात से अवगत कराया जाए और उनसे पूछा जाए कि उनके लिए क्या हुक्म है?
कर्नल हॉटन ने हुक्म दिया, "होल्ड यॉर पोज़ीशन." यानी अपनी जगह पर डटे रहो। एक घंटे के अंदर क़िले को तीन तरफ़ से घेर लिया गया और अफगानी ओरकज़ईयों का एक सैनिक हाथ में सफ़ेद झंडा लिए क़िले की तरफ़ बढ़ा।
उसने चिल्ला कर कहा, "हमारा तुमसे कोई झगड़ा नहीं है। हमारी लड़ाई अंग्रज़ों से है। तुम तादाद में बहुत कम हो, मारे जाओगे। हमारे सामने हथियार डाल दो। हम तुम्हारा ख्याल रखेंगे और तुमको यहाँ से सुरक्षित निकल जाने का रास्ता देंगे। "
बाद में ब्रिटिश फ़ौज के मेजर जनरल जेम्स लंट ने इस लड़ाई का वर्णन करते हुए लिखा- "ईशेर सिंह ने इस पेशकश का जवाब ओरकज़ईयों की ही भाषा पश्तो में दिया। उनकी भाषा न सिर्फ़ सख़्त थी बल्कि गालियों से भी भरी हुई थी। उन्होंने कहा कि ये अंग्रेज़ों की नहीं महाराजा रणजीत सिंह की ज़मीन है और हम इसकी आख़िरी सांस तक रक्षा करेंगे। "
'बोले सो निहाल, सत श्री अकाल' के जयकारे से सारागढ़ी का क़िला गूंज उठा।
सारागढ़ी का क़िला पाकिस्तान के उत्तर पश्चिम सीमांत क्षेत्र के कोहाट ज़िले में करीब 6000 फ़ीट की ऊँचाई पर था। ये वो इलाका है जहाँ रहने वाले लोगों पर आज तक किसी सरकार का नियंत्रण नहीं हो पाया है। 1880 के दशक में अंग्रेज़ों ने यहाँ पर तीन चौकियाँ बनाईं जिसका स्थानीय औरकज़ई लोगों ने ज़बरदस्त विरोध किया, जिसकी वजह से अंग्रेज़ों को वो चौकियाँ खाली करनी पड़ी। 1891 में अंग्रेज़ों ने वहाँ दोबारा अभियान चलाया। रबिया खेल से उनका समझौता हुआ और उन्हें गुलिस्ताँ, लॉक्हार्ट और सारागढ़ी में तीन छोटे क़िले बनाने की अनुमति मिल गई। लेकिन स्थानीय औरकज़ई लोगों ने इसे कभी पसंद नहीं किया। वो इन ठिकानों पर लगातार हमले करते रहे ताकि अंग्रेज़ वहाँ से भाग खड़े हों।
3 सितंबर 1897 को पठानों के बड़े लश्कर ने इन तीनों क़िलों को घेरने की कोशिश की लेकिन कर्नल हॉटन ने किसी तरह हालात को संभाल लिया। लेकिन 12 सितंबर को औरकज़ईयों ने गुलिस्ताँ, लॉकहार्ट और सारागढ़ी तीनों क़िलों को घेर लिया और लॉक्हार्ट और गुलिस्ताँ को सारागढ़ी से अलग-थलग कर दिया।