उदयपुर में होगा सातवें अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस (21 जून) का राज्य स्तरीय आयोजन !
जयपुर, 15 मार्च। सातवें अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस (21 जून) कार्यक्रम का राज्य स्तरीय आयोजन उदयपुर में होगा। मुख्य सचिव निरंजन आर्य की अध्यक्षता में सोमवार को शासन सचिवालय में सम्पन्न राज्य स्तरीय समिति की बैठक में अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों को लेकर समस्त विभागों की सहभागिता एवं दायित्वों का निर्धारण कर दिशा निर्देश जारी किये गये।
बैठक में मुख्य सचिव ने कहा कि योग हमारी जीवन शैली मे परिवर्तन लाकर हमारे भीतर जागरूकता उत्पन्न करता है। उन्होंने कहा कि योगाभ्यास से हमारे शरीर, मन, विचार, कर्म तथा प्रकृति के मध्य सामजस्य स्थापित होता है। उन्होंने अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस को जिला उपखण्ड एवं पंचायत स्तर पर करवाने के निर्देश देते हुए कहा कि इस दौरान सभी राजकीय नीजि शैक्षणिक संस्थानों में योग विषयक सांस्कृतिक कार्यक्रम, निबन्ध लेखन और योग गतिविधियों का व्यापक संचालन करना सुनिश्चित किया जाये।
आयुर्वेद विभाग के ओ.एस.डी मनोहर पारीक ने बताया कि अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस के सफल और व्यापक आयोजन के लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करना होगा। बैठक में भारत सरकार के आयुष मंत्रालय द्वारा जारी सामान्य निर्देशों की जानकारी देते हुए बताया गया कि अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस के दिन 45 मिनट का योगाभ्यास राज्य, जिला, उपखण्ड और ग्रामपंचायत स्तर पर किया जाएगा, जिसमें प्रसिद्ध योग प्रशिक्षण संस्थाओं के योग प्रशिक्षकों द्वारा सहयोग लिया जाएगा। बैठक में बताया गया कि चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा नसिर्ंग और पैरामेडिकल प्रशिक्षण केन्द्रों की सक्रिय सहभागिता भी अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस को सफल बनाएगी।
बैठक में वेबिनार के माध्यम से ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज, गृह, वित्त, शिक्षा, चिकित्सा, महिला एवं बाल विकास, स्वायत्त शासन, सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग, आयुर्वेद विभाग सहित दूरदर्शन एवं आकाशवाणी के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी शिरकत की।

https://play.google.com/store/apps/details?id=com.wincompete&hl=en
Disclaimer : All the information on this website is published in good faith and for general information purpose only. www.newsagencyindia.com does not make any warranties about the completeness, reliability and accuracy of this information. Any action you take upon the information you find on this website www.newsagencyindia.com , is strictly at your own risk
