कोरोना पीड़ितों के साथ खड़ी है राज्य सरकार -प्रतापसिंह खाचरियावास
जयपुर, 28 जून। उदयपुर जिले के प्रभारी एवं परिवहन व सैनिक कल्याण मंत्री प्रतापसिंह खाचरियावास सोमवार को उदयपुर दौरे पर रहे। उन्होंने जिला परिषद सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक लेकर जिले की प्रगति के साथ कोरोना से बचने व सुरक्षा के लिए अब तक किये गये प्रयासों एवं कोरोना से संभावित तीसरी लहर से निपटने के लिए की गई तैयारियों का फीडबैक लिया। उन्होंने कहा कि कोरोना अभी पूरी तरह से गया नहीं है, हमें किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतनी है और पूर्ण सतर्क एवं जागरूक रहकर कोविड गाइडलाइन की पालना सुनिश्चित करनी होगी।
उन्होंने कहा कि महामारी के इस दौर में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के नेतृत्व वाली सरकार कोरोना पीड़िताें के साथ खड़ी है। राज्य सरकार ने कोविड पीड़ितों एवं इस महामारी में अपने परिजनों को खो चुके बेसहारा, अनाथ, असहाय आदि को संबल प्रदान करने के लिए विभिन्न विभागों के माध्यम से योजनाएं चलाई है। इन योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कर हर पीडित परिवार व व्यक्ति तक लाभ पहुंचाना ही हमारी प्राथमिकता है।
उदयपुर जिले के प्रभारी मंत्री ने ग्रामीण विकास विभाग की समीक्षा की जिसमें जिला परिषद सीईओ डॉ. मंजू ने मनरेगा के तहत जिले में जारी कायोर्ं की जानकारी दी। उन्होंने जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना में निर्मित आवास, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) की प्रगति, ग्राम पंचायतों में कोविड जागरूकता कार्यक्रम, डोर टू डोर सर्वे आदि के बारे में विस्तार से बताया। बैठक में नगर निगम, परिवहन, यूआईटी, रसद, महिला एवं बाल विकास विभाग, जलदाय विभाग, एवीवीएनएल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने विभागवार योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट पेश की।
ब्लैक फंगस के मरीजों की संख्या और उनको दिए जा रहे इलाज के बारे में जानकारी लेते हुए मंत्री ने इलाज में मेडिकल उपकरणों व इंजेक्शनों को लेकर पर्याप्त तैयारी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने ब्लैक फंगस के रोगियों को बेहतर सेवाएं देने की राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को बताया और रोगियों को पूरी गंभीरता से चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने को कहा।
खाचरियावास ने कहा कि उदयपुर जिले के सीमावर्ती क्षेत्रों में बाल श्रम के बढ़ते मामले चिंता का विषय है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि ऎसी बसों को चिह्नित करें जिनमें बच्चों को बाल श्रम के लिए ले जाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बाल श्रम किसी भी स्थिति में नहींं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि आवासीय स्कूलों व ऎसे हॉस्टल जहां इन बच्चों को रखा जाता है, वहां महिला अधिकारियों को नियमित अंतराल पर विजिट करते रहना चाहिए। एंबुलेंस में जीपीएस लगाने के बारे में मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार एंबुलेंस में जीपीएस लगाने के कार्य होने चाहिए।
बैठक में उदयपुर जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. राजीव पचार, जिला परिषद सीईओ डॉ. मंजू, एडीएम सिटी अशोक कुमार, एडीएम प्रशासन ओ.पी.बुनकर, स्मार्ट सिटी सीईओ नीलाभ सक्सेना, नगर निगम आयुक्त हिम्मत सिंह बारहठ सहित अन्य सम्बन्धित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक के आरंभ में उदयपुर जिला कलेक्टर चेतन देवड़ा ने जिले मे कोरोना की वर्तमान स्थिति, बचाव के लिए किए गए इन्तजाम, जिले मे कोरोना प्रोटोकॉल की पालना सुनिश्चित कराने के प्रयासों, ऑक्सीजन प्रबंधन व इसकी उपलब्धता, कोविड कंसल्टेशन एण्ड केयर सेंटर्स के संचालन, चिकित्सा सेवाओं एवं अन्य तमाम आवश्यक सुविधाओं के बारे मेंं विस्तार से जानकारी दी।
यह समय गरीबों के आंसू पोंछने का हैः खाचरियावास
जिला परिषद सभागार में समीक्षा बैठक के दौरान उदयपुर प्रभारी मंत्री प्रतापसिंह खाचरियावास ने कोरोनाकाल के अपने अनुभव बताते हुए कहा कि मैं कोरोना की दूसरी लहर के दौरान 31 बार से ज्यादा गंभीर कोरोना मरीजों के आईसीयू वार्ड में जा चुका हूं। वहां मैंने देखा कि आदमी चाहे कितना ही बड़ा हो, यदि उसका परिवार का कोई सदस्य उसके साथ नहीं है तो वो कमजोर पड़ जाता है। उन्होंने बताया कि जिन लोगों के रिश्तेदार साथ थे, वे कोरोना को जल्दी हराने में कामयाब हुए।
परिवहन मंत्री खाचरियावास ने बताया कि जयपुर के एक हॉस्पीटल में कोरोना वार्ड में आईसीयू में भर्ती एक बच्चे से मिलने पहुंचा तो उसने बर्गर की डिमांड कर दी। बीमारी के डर से उस बच्चे के पास उसके परिवार का कोई भी सदस्य नहीं था। कुछ ही देर बाद में बच्चे के पास बर्गर पहुंच गया।
Disclaimer : All the information on this website is published in good faith and for general information purpose only. www.newsagencyindia.com does not make any warranties about the completeness, reliability and accuracy of this information. Any action you take upon the information you find on this website www.newsagencyindia.com , is strictly at your own risk

https://play.google.com/store/apps/details?id=com.wincompete&hl=en