जयपुर 04, अप्रैल। राजस्थान विधान सभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने कहा कि राजस्थान विधान सभा का राजनैतिक आख्यान संग्रहालय ऐतिहासिक है। इसमें प्रदेश के गौरवशाली ऐतिहासिक इतिहास को संजोया गया है। श्री देवनानी ने शुक्रवार को विधान सभा में मेक्सिकों से भारत भ्रमण पर आए एक मैत्री दल के सदस्यों को विधान सभा दिखाई और उनसे चर्चा की।
मेक्सिको के दल ने देखी विधान सभा- रोटरी अंतरराष्ट्रीय के विश्व शांति, मैत्री और सद्भाव कार्यक्रम के अंतर्गत मेक्सिको देश से भारत भ्रमण पर आए एक मैत्री दल जयपुर में राजस्थान की संस्कृति, साहित्य और सांस्कृतिक धरोहर का अध्ययन भ्रमण कर रहा है। इसके तहत शुक्रवार को इस दल ने राजस्थान विधान सभा के अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी से भेंट की और राजस्थान विधान सभा की संसदीय प्रक्रियाओं को जाना।
इस दल ने संविधान दीर्घा और राजनैतिक आख्यान संग्रहालय का भी अवलोकन किया और राजस्थान के इतिहास, संस्कृति और विधिक प्रक्रिया को जानकर प्रसन्नता प्रकट की। कार्यक्रम का आयोजन रोटरी क्लब जयपुर राउंड टाउन के द्वारा किया गया। अधिवक्ता श्री देवेश कुमार बंसल ने श्री देवनानी को बताया कि यह वैश्विक स्तर पर रोटरी अंतरराष्ट्रीय द्वारा विश्व शांति और मैत्री को बढ़ाने का एक महत्वपूर्ण उपक्रम है।
राजस्थान एक संकल्प का विमोचन-
राजस्थान विधान सभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने शुक्रवार को अपने राजकीय निवास पर राजस्थान एक संकल्प का विमोचन किया। सिंधी और हिन्दी भाषा में चेटीचण्ड, नवरात्रा सहित प्रदेश के विभिन्न दर्शनीय स्थलों, भगवान झूलेलाल, स्वामी टेउराम और शहीद हेमु कालानी पर प्रकाशित विशेष आलेखों का राजस्थान एक संकल्प पाक्षिक समाचार पत्र के विशेषांक में समावेश किया गया है। श्री देवनानी ने विशेषांक की सराहना करते हुए सम्पादक श्री उत्तम टेकवानी को बधाई एवं शुभकामनाएं दी। इस मौके पर श्री गोविन्द रामनानी, श्री लक्ष्मण टेक चन्दानी सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद थे।
परिष्कार महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने देखी विधान सभा –
शुक्रवार को राजस्थान विधान सभा के सदन और भवन को परिष्कार महाविद्यालय के अर्थ शास्त्र और राजनीति विज्ञान के छात्र-छात्राओं ने देखा।