जयपुर, 28 जुलाई। राजस्थान विधानसभा परिसर स्थित विधानेश्वर महादेव मंदिर में श्रावण मास के सोमवार के पावन पर्व पर सहस्त्र घट, रुद्राभिषेक और महाआरती का आयोजन किया गया। यह आध्यात्मिक अनुष्ठान राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी की प्रेरणा और मार्गदर्शन में विधान सभा सचिवालय के अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा किया गया।
श्री देवनानी ने विश्व कल्याण के लिए की पूजा-अर्चना—
विधानसभा अध्यक्ष ने शिव पंचायत पूजन, शिव जलाभिषेक, सहस्त्र घट, रुद्राभिषेक करके महाआरती की शुरूआत की। श्री देवनानी ने पूजा अर्चना कर देश और प्रदेश की सुख- समृ़द्धि, आरोग्य और विश्व कल्याण के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। इस मौके पर संसदीय कार्य मंत्री श्री जोगाराम पटेल, विधायक श्री हरिमोहन शर्मा, श्री बालमुकुन्दाचार्य सहित अनेक विधायकगण मौजूद थे। प्रमुख सचिव श्री भारत भूषण शर्मा विशिष्ट सहायक श्री केके शर्मा सहित विधानसभा के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी सामूहिक रूप से सहस्त्र घट, रूद्राभिषेक और महाआरती में श्रद्धा के साथ भाग लिया।
वातावरण में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार - इस विशेष रुद्राभिषेक में सहस्त्र कलशों से भगवान शिव का अभिषेक कर विधिवत वैदिक मंत्रों और रुद्रपाठ के साथ शिवतत्त्व की आराधना की गई। वैदिक विधि से सम्पन्न इस आयोजन का उद्देश्य राज्य की सुख-शांति, समृद्धि तथा जनकल्याण हेतु सामूहिक ऊर्जा का संचार करना था। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने कहा कि भगवान विधानेश्वर शिव द्वारा इस विधान सभा भवन के केंद्र में आस्था, चेतना और संस्कारों की ज्योति प्रज्ज्वलित होती हैं। उन्होंने कहा कि रुद्राभिषेक जैसे आयोजनों से न केवल वातावरण पवित्र होता है, बल्कि कार्यस्थल में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार भी होता है।
सामूहिक प्रसादी - कार्यक्रम में विधि-विधान, रुद्राष्टक, लघुरुद्र और शिव स्तुति के साथ भक्ति संगीतमय वातावरण बना। रूद्राभिषेक और महाआरती के पश्चात भगवान शिव को प्रसादी का भोग लगाकर सभी आगन्तुकों ने प्रसादी ग्रहण की।