पाकिस्तान अपने सबसे खराब दौर से गुजर रहा है। पाक की आर्थिक स्थिति दिन पर दिन बद से बदतर होते जा रही है। पाक में महंगाई 30 फीसदी के करीब जा पहुंची है। आटा ढाई सौ रुपये किलो तक बिक रहा है तो वहीं पेट्रोल-डीजल के दाम आसमान छू रहे हैं। ऐसे में बार-बार सवाल उठ रहा है कि क्या आर्थिक संकट से जूझ रहे पाकिस्तान की भारत मदद करेगा?
इसी बीच राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (RSS) ने मोदी सरकार को पड़ोसी धर्म निभाने की सलाह दी है। पाकिस्तान की आर्थिक तंगी पर संघ के सह सरकार्यवाह डॉ. कृष्ण गोपाल ने कहा कि पाकिस्तान की भुखमरी के दौरन भारत उन्हें 10-20 लाख टन गेहूं भेज सकता है। फिल्म प्रोड्यूसर इकबाल दुर्रानी के दिल्ली में हो रहे प्रोग्राम में डॉ. कृष्ण गोपाल बोल रहे थे। इस मौके पर संघ के इंद्रेश कुमार भी मौजूद थे।
कार्यक्रम में संघ के सरकार्यवाह डॉ. कृष्ण गोपाल ने कहा कि हमें जानकार यह दूख होता है कि पड़ोसी देश पाकिस्तान में आटा 250 रुपए किलो हो गया है। हम उन्हें आटा भेज सकते हैं। भारत 10-20 लाख टन गेहूं उन्हें दे सकता है। वो मांगते ही नहीं है। 70 साल पहले वो हमारे साथ ही थे। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान हमसे चार युद्ध लड़ चुका है। वह भारत से लड़ता रहा है। हर बार पाकिस्तान ही भारत पर हमला करता है। वो दिन-रात हमें अपमानित करते हैं। इसके बाद भी हम चाहेंगे कि वो सुखी रहें। हम तो चाहते हैं कि उनके यहां पर कोई कुत्ता भी भूखा ना रहे। दोनों देशों के बीच इस दूरी का क्या फायदा है। हम सर्वे भवन्तु सुखिन: में भरोसा करने वाले देश हैं।