जयपुर, 14 मार्च। उपमुख्यमंत्री तथा महिला एवं बाल विकास मंत्री दिया कुमारी की अध्यक्षता में शनिवार को शासन सचिवालय में आयोजित बैठक में महिला अधिकारिता निदेशालय द्वारा संचालित महिला अधिकारों के संरक्षण एवं महिला सशक्तीकरण की विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की गई।
बैठक में उपमुख्यमंत्री ने महिला अधिकारिता निदेशालय द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन एवं योजनान्तर्गत आवंटित बजट एवं बजट में अब तक प्रगति की जानकारी ली।
उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने महिला अधिकारिता निदेशालय द्वारा संचालित उड़ान योजना के तहत बालिकाओं और महिलाओं को दिए जाने वाले नि:शुल्क सेनेटरी नैपकिन आपूर्ति समयबद्धता से सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए।
उपमुख्यमंत्री ने सामूहिक विवाह अनुदान योजना के अंतर्गत योजना के दिशा निर्देशों एवं पोर्टल का अध्ययन कर उसे आमजन हेतु सुगम एवं प्रभावी बनाने निर्देश दिए। उन्होंने केन्द्र प्रवर्तित योजनाओं के तहत भारत सरकार से बकाया बजट प्राप्त कर, बजट का पूर्ण उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
दिया कुमारी ने पिछले वर्ष की बजट घोषणाओं को समयबद्धता से पूर्ण करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने आगामी वित्तीय वर्ष की बजट घोषणाओं को भी समय पर पूर्ण करने हेतु आवश्यक तैयारी करने के निर्देश दिए।
उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने लाडो प्रोत्साहन योजना अन्तर्गत बालिकाओं को लाभान्वित करने हेतु योजना का प्रभावी पर्यवेक्षण कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने विभाग द्वारा चलाए जा रहे विभिन्न कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रमों को रोजगारोन्मुखी बनाने हेतु निर्देश दिए।