मुख्यमंत्री जन आवास योजना के असफल आवेदकों को लौटाई जाएगी पंजीकरण राशि
जयपुर, 24 सितम्बर। राजस्थान आवासन मण्डल आवासन आयुक्त श्री पवन अरोडा ने बताया कि मण्डल द्वारा मुख्यमंत्री जन आवास योजना के आवेदकाें को बडी राहत देेते हुए पंजीकरण राशि को लौटाने और समायोजन का निर्णय लिया गया है। उल्लेखनीय है कि पूर्व में इस योजना में असफल रहने पर न तो पंजीकरण राशि को लौटाया जाता था और न ही उसका समायोजन किया जाता था।
आयुक्त ने बताया कि इस संबंध में मण्डल ने आम जनता की मांग पर एक प्रस्ताव राज्य सरकार को भेजा था। नगरीय विकास एवं आवासन मंत्री श्री शांति धारीवाल मण्डल के इस प्रस्ताव को स्वीकारते हुए अपनी सहमति व्यक्त की। मंत्री श्री धारीवाल की सहमति के बाद मण्डल द्वारा इस संबंध में आदेश जारी किए गए।
उन्होंने बताया कि राजस्थान आवासन मण्डल द्वारा ”मुख्यमंत्री जन आवास योजना“ के अन्तर्गत प्रस्तावित बहुमंजिले फ्लैटस के आवंटन हेतु दिनांक 1 सितम्बर, 2021 से प्रारम्भ की गई पंजीकरण योजना की पंजीकरण पुस्तिका में अंकित पंजीकरण राशि का पुर्नभुगतान/समायोजन नहीं किये जाने संबंधी प्रावधान में आंशिक संशोधन करते हुए मण्डल की अन्य पंजीकरण योजनाओं के अनुरूप ही वरीयता लॉटरी में असफल रहे आर्थिक दृष्टि से कमजोर आय वर्ग के आवेदकाें को उनकी मूल पंजीकरण राशि 2 हजार रूपये और अल्प आय वर्ग के आवेदकों को 3 हजार 500 रुपये रिफण्ड करने तथा इसके साथ ही योजना के लाभार्थियों की मूल पंजीकरण राशि मण्डल नियमानुसार आवंटित फ्लैट की लागत में समायोजित करने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने बताया कि यह आंशिक संशोधन वर्तमान में प्रस्तावित मुख्यमंत्री जन आवास योजनाओं के पंजीकरण योजनाओं पर ही लागू होगा।
मुख्यमंत्री जन आवास योजना के तहत तीन प्रोजेक्टों में बनेंगे 2 हजार 398 आवास
आयुक्त ने बताया कि जयपुर में स्थित मंडल की प्रतिष्ठित आवासीय योजना प्रताप नगर में मुख्यमंत्री जन आवास योजना के तहत सेक्टर 8 व सेक्टर 26 में दो प्रोजेक्टों में आवास निर्मित किए जांएगे। इनमें सेक्टर 26 में निर्मित होने वाली योजना में आर्थिक दृष्टि से कमजोर आय वर्ग के लिए 726 आवास बनाए जाएंगे। इनमें एक फ्लैट का सुपर बिल्टअप एरिया 378.42 वर्गफीट होगा। इसकी कीमत 7 लाख 65 हजार रूपये रखी गई है। इसी तरह इसी योजना में अल्प आय वर्ग के लोगों के लिए 620 फ्लैट निर्मित किए जाएंगे। इस फ्लैट का सुपर बिल्टअप एरिया 548.12 वर्गफीट होगा। इसकी कीमत 11 लाख 10 हजार रूपये रखी गई है। इसी तरह मुख्यमंत्री जन आवास योजना के तहत ही सेक्टर-8, प्रताप नगर में एक अन्य आवासीय योजना विकसित की जाएगी। जिसमें आर्थिक दृष्टि से कमजोर आय वर्ग के लिए 130 आवास बनाए जाएंगे। एक फ्लैट का सुपर बिल्टअप एरिया 352 वर्गफीट होगा और इसकी कीमत 7 लाख 11 हजार रूपये होगी। इसी तरह अल्प आय वर्ग के लोगों के लिए 114 फ्लैट बनाए जाएंगे। इसका सुपर बिल्टअप एरिया 550 वर्गफीट होगा और इसकी कीमत 11 लाख 11 हजार रूपये होगी। इसी तरह मुख्यमंत्री जन आवास योजना, अरावली विहार, भिवाडी में 808 फ्लैट बनाए जाएंगे। इनमें आर्थिक दृष्टि से कमजोर आय वर्ग के लिये 536 और अल्प आय वर्ग के लिये 272 फ्लैट बनाए जाएंगे।
30 सितम्बर, 2021 तक किया जा सकता है ऑनलाईन आवेदन
उन्होंने बताया कि इन तीनों योजनाओं में 30 सितम्बर, 2021 तक ऑनलाईन आवेदन किया जा सकता है। इसके लिये ई-मित्र पर जाकर या घर बैठे आवेदन किया जा सकता है। इन योजनाओं में आवेदकों का भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। उन्हाेंने बताया कि आवेदकों को मण्डल द्वारा प्राईम लोकेशन पर सस्ते और गुणवत्तापूर्ण आवास उपलब्ध करवाने के इस सुनहरे अवसर से वंचित नहीं होना चाहिए।
Disclaimer : All the information on this website is published in good faith and for general information purpose only. www.newsagencyindia.com does not make any warranties about the completeness, reliability and accuracy of this information. Any action you take upon the information you find on this website www.newsagencyindia.com , is strictly at your own risk

https://play.google.com/store/apps/details?id=com.wincompete&hl=en