06 फरवरी 2023 : उत्तर प्रदेश में रामचरितमानस की प्रतियां जलाने को लेकर बड़ी खबर आई है। लखनऊ जिलाधिकारी सूर्यपाल गंगवार ने रामचरितमानस की प्रतियां जलाने पर 2 आरोपियों(सत्येंद्र कुशवाहा और सलीम) पर रासुका लगा दिया है। 29 जनवरी को सलीम,सत्येंद्र कुशवाहा और अन्य 10 लोगों का रामचरितमानस की प्रतियां जलाते हुए वीडियो वायरल हुआ था।
इससे पहले स्वामी प्रसाद मौर्य के विवादित बयान ने इस मामले को तूल दिया, उसके बाद विरोध के नाम पर प्रतियां जलाने ने भी समाज के बड़े तबके की भावनाओं को आहत किया था।अब उस विवाद को लेकर ही यूपी पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया है. दो आरोपियों के खिलाफ रासुका के तहत कार्रवाई की गई है।
मामलें में 29 जनवरी को भाजपा कार्यकर्ता सतनाम सिंह लवी ने श्री रामचरितमानस की प्रतियां जलाने वालों के खिलाफ तहरीर दी थी और जिसके बाद पुलिस ने सलीम हसन और सत्येंद्र कुशवाहा समेत कुल 5 लोगों को गिरफ्तार किया था। फिर गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ जांच पड़ताल की कार्रवाई शुरू की गई, जिसके बाद सलीम और सत्येंद्र कुशवाहा के खिलाफ एनएसए की कार्रवाई करते हुए रासुका लगाया गया। वहीं अन्य आरोपियों की भी भूमिका जांच की जा रही है।