रामचन्द्र खराडी बने अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम के नये अध्यक्ष !
राजस्थान के प्रतापगढ़ निवासी श्री रामचन्द्र खराडी जी को केन्द्रीय कार्यकारी मण्डल ने कल्याण आश्रम के तीसरे अध्यक्ष के रूप में चुना है। श्रद्धेय बाला साहब देशपाण्डेजी के निधन के बाद १९९५ से लेकर माननीय जगदेवराम उरांव जी ने सुदीर्घ २५ वर्ष कल्याण आश्रम का नेतृत्व किया। १५ जुलाई २०२० को जशपूर में मा. जगदेवरामजी के निधन के पश्चात् यह पद रिक्त हुआ था।
रामचन्द्र खराडीजी का जन्म १५ जनवरी १९५५ में राजस्थान के उदयपुर जिला के खरबर गाँव के भील जननाति परिवार में हुआ। उन्होंने स्नातक तक की पढ़ाई पूर्ण करके सरकारी सेवा में प्रवेश किये। तहसीलदार, सब डिविजनल मजिस्ट्रेट, अतिरिक्त जिला अधिकारी आदि सरकारी पदों में रहकर राजस्थान के विभिन्न जिलों में उन्होंने कार्य किया। भूमि संबंधी मामलों का निपटारा करने हेतु उन्होंने सरकारी पद पर रहकर काफी सराहनीय कार्य किया। इसके कारण सरकारी कामकाज के क्षेत्र में श्री खराडीजी का नाम काफी चर्चित रहा।

https://play.google.com/store/apps/details?id=com.wincompete&hl=en
२०१४ में सरकारी सेवा से स्वेच्छिक निवृत्ति लेकर धार्मिक एवं सामाजिक कार्य में सक्रिय भूमिका निभाते रहे। जनजाति समाज के परंपरागत धर्म संस्कृति की रक्षा के साथ साथ गायत्री परिवार के कार्य से भी १९९५ में उनका संपर्क आया। उनके नेतृत्व में १७ स्थानों पर गायत्री माता मंदिर निर्माण कार्य हुआ। १०८ कुण्डीय गायत्री महायज्ञ में यजमान की भी भूमिका उन्होंने निभाई थी। कई स्थानों पर सामूहिक विवाह कराने में भी उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
उनका कल्याण आश्रम से संपर्क २००३ में डुंगरपुर कल्याण आश्रम के भवन निर्माण के समय में आया। २०१६ में राजस्थान के अध्यक्ष बने। २०१९ में दुबारा इस दायित्व के लिये वे चुने गये। गत दो वर्षों से वे कल्याण आश्रम के राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य के रूप में भी कार्यरत थे।
नाशिक में आयोजित जनजाति प्रबुद्ध जनों के सेमिनार में खराडीजी ने भाग लिया था। दिल्ली में आयोजित मीडिया प्रवक्ता शिविर, हितरक्षा आयाम के अन्तर्गत हैदराबाद में PESA Act पर आयोजित कार्यशाला, मुंबई में नीति दृष्टीपत्र तैयार करने हेतु किये सेमिनार आदि कार्यक्रमों में उपस्थित रहकर उन्होंने अपना अनुभव साझा किया। गत पांच वर्षों में कल्याण आश्रम के सभी अखिल भारतीय कार्यक्रम में उनका सानिध्य देश भर के कार्यकर्ताओं को प्राप्त हुआ। देश भर के सभी प्रमुख कार्यकर्ताओं के साथ उनका अच्छा संपर्क भी स्थापित हो चुका है। विचारों में स्पष्टता के साथ प्रभावी वक्ता के रूप में भी उनका परिचय कार्यकर्ताओं के बीच में बना हुआ है।
२०१७ के संत ईश्वर सेवा पुरस्कार श्री खराडीजी को प्राप्त हुआ था। पूजनीय बालासाहब देशपाण्डेजी और श्रद्धेय जगदेवराम जी के पदचिन्हों पर चलकर कल्याण आश्रम कार्य को उत्तरोत्तर बढ़ाने का गुरुत्तर दायित्व श्रामचन्द्र खराडी पर आया है।
Disclaimer : All the information on this website is published in good faith and for general information purpose only. www.newsagencyindia.com does not make any warranties about the completeness, reliability and accuracy of this information. Any action you take upon the information you find on this website www.newsagencyindia.com , is strictly at your own risk