राहुल गांधी अड़े है कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने पर !
लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के बेहद खराब प्रदर्शन के बाद पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी के इस्तीफा देने पर अड़े होने की खबरें आ रही हैं। कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं केसी वेणुगोपाल और अहमद पटेल ने राहुल से मुलाकात कर उन्हें मनाने की कोशिश भी की है। हालांकि राहुल से मुलाकात को लेकर अहमद पटेल ने ट्वीट कर कहा, ''मैंने कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक से पहले कांग्रेस अध्यक्ष से मुलाकात का समय मांगा था ताकि रोजमर्रा के प्रशासनिक कामों पर चर्चा करी जा सके। आज की मुलाकात उसी संदर्भ में थी. दूसरी सभी अटकलें गलत और बेबुनियाद हैं।’’
इससे पहले पार्टी के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने एक बयान जारी कर मीडिया सहित सभी से अपील की थी कि वे सीडब्ल्यूसी की बैठक की शुचिता बनाएं रखें और अफवाहों से बचें।
राहुल के अपने इस्तीफे पर अड़े होने की खबरें कई मीडिया रिपोर्ट्स में सामने आ रही हैं। कांग्रेस 4 दिनों के भीतर पार्टी अध्यक्ष पद के संभावित उम्मीदवार चुनने के लिए सीडब्ल्यूसी की बैठक करने की योजना बना रही है। हालांकि कहा यह भी जा रहा है कि पार्टी नेता एक बार फिर राहुल से उनके इस्तीफे के फैसले पर फिर से विचार करने के लिए कहेंगे।