बीआर चोपड़ा की महाभारत में भीम की भूमिका निभाने वाले अभिनेता प्रवीण कुमार सोबती का 74 साल की उम्र में निधन हो गया।प्रवीण कुमार पिछले कई दिनों से बीमार चल रहे थे। प्रवीण अपनी ऊँची कदकाठी के कारण पसंद किए जाते थे और उन्होंने कई बॉलीवुड फिल्मों में खलनायक की भूमिका भी निभाई थी ।
एक्टिंग में आने से पहले प्रवीण हैमर और डिस्कस थ्रो एथलीट भी रहे थे। एशियाई खेलों में चार मेडल (2 स्वर्ण, 1 रजत और 1 कांस्य) भी उनके खाते में दर्ज थे। उन्होंने दो ओलंपिक खेलों 1968 मैक्सिको खेल और 1972 म्यूनिख खेल में भी भारत का प्रतिनिधित्व किया था। इसके साथ ही प्रवीण कुमार अर्जुन अवार्डी भी रहे है। खेलों में नाम रोशन करने के कारण ही प्रवीण कुमार को सीमा सुरक्षा बल में डिप्टी कमांडेंट की नौकरी मिली थी।
प्रवीण कुमार का निधन होने पर महाभारत में युधिष्ठिर का किरदार निभाने वाले अभिनेता गजेंद्र चौहान ने ट्वीट कर कहा-"आज सुबह ही एक और दुःखद समाचार मिला। मेरा महाभारत का भाई प्रवीण कुमार जी हम सबको छोड़कर अनंत यात्रा पे चला गया। विश्वास नही हो रहा। पा जी, आप हमेशा हमारी यादों में रहेंगे।ओम शांति ओम शांति ओम शांति"