नई दिल्ली, 21 जुलाई 2022 :नेशनल हेराल्ड केस से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में आज ईडी कांग्रेस की अध्यक्षा सोनिया गांधी से पूछताछ कर रही है। पूछताछ का कांग्रेस पार्टी के नेता और कार्यकर्ता पुरजोर तरीके से विरोध कर रहे है। सुबह से ही देश भर के कांग्रेस नेता देश की राजधानी में इकट्ठा होने लगे और जैसे ही सोनिया गांधी से पूछताछ का समय नजदीक आया ये कार्यकर्ता सड़कों पर आ गए।
इनमें सचिन पायलट और राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत समेत देश भर के कई दिग्गज कांग्रेसी नेता शामिल थे। दिल्ली पुलिस ने विरोध कर रहे इन कांग्रेसी नेताओं को हिरासत में ले लिया है। हिरासत में लिए गए कांग्रेस नेताओं में अशोक गहलोत और सचिन पायलट का नाम भी शामिल है।
कार्यवाही पर पायलट ने कहा, 'केंद्र सरकार जो नफरत और बदले की राजनीति कर रही है। वह लोकतंत्र के लिए बड़ा खतरा है। असत्य, अन्याय और अनीति के जरिए सत्य को दबाने के भाजपा के प्रयास कभी सफल नहीं होंगे।' एक दिन पहले मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को भी ऐसे ही हिरासत में लिया गया था। अब इसी मसले पर गुरुवार को प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से जयपुर में राजभवन का घेराव किया जाएगा। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के नेतृत्व में सुबह 10 बजे राजभवन का घेराव किया जाएगा।