लॉक डाउन समीक्षा के लिए मोदी आज करेंगें मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक!
कोरोना महामारी के संभावित प्रसार को देखते हुए भारत के प्रधानमंत्री मोदी ने 24 मार्च के दिन देश में 21 दिन के लॉक डाउन का आह्वान किया था। इसके बाद 25 मार्च से लेकर 14 अप्रैल तक लॉक डाउन की अवधि निर्धारित की गई थी।
इसी बीच पंजाब समेत उड़ीसा सरकार ने अपने स्तर पर लॉक डाउन को 30 अप्रैल तक बढ़ा दिया था । लॉक डाउन अवधि बढ़ाने के लिए निर्णय लेने हेतु आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बैठक करेंगे । इस बैठक में निर्णय लिया जाएगा कि देश में लोग डाउन को आगे बढ़ाया जाएगा या नहीं ?
इसके साथ ही मुख्यमंत्रियों की इस बैठक में लॉक डाउन की स्थिति में होने वाली परेशानियों और संभावित उपायों के बारे में चर्चा की जाएगी । साथ ही लॉक डाउन की समीक्षा भी की जाएगी। केंद्र सरकार द्वारा राज्यों को दी जाने वाली सहायता राशि और राशन की समीक्षा इस बैठक के दौरान की जा सकती है।
आपको बताते चलें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को हुई सर्वदलीय बैठक में लॉक डाउन बढ़ाए जाने के संकेत पहले ही दे चुके हैं। प्रधानमंत्री ने सर्वदलीय बैठक में कहा था कि कोरोनावायरस के खिलाफ लंबी लड़ाई हमें लड़नी होगी। सभी की जिंदगी बचाना भारत सरकार की पहली प्राथमिकता है और देश में स्थिति सामाजिक आपातकाल जैसी है और इसके लिए कड़े फैसलों की जरूरत है। इस बाबत हम लोगों को निरंतर सतर्क रहना होगा ।इस दौरान कोरोनावायरस और लॉक डाउन को लेकर प्रधानमंत्री मोदी विभिन्न राजनीतिक पार्टियों के लीडर के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए चर्चा कर चुके हैं और सभी पार्टियों ने लॉक डाउन बढ़ाने के पक्ष में अपना सहयोग प्रधानमंत्री मोदी को देने की बात कही है।