जयपुर, 20 मार्च। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के निर्देश पर प्रदेश के शहरी क्षेत्रों में यूटिलिटी कार्यों के कारण सड़कों पर बन गए रोड कट्स के मरम्मत कार्य किए गए हैं। इसके तहत प्रदेशभर के लगभग 1000 से अधिक स्थानों पर सड़कों को क्रॉस करने वाले रोड कट एवं सड़कों की लम्बाई के सीवरेज व पेयजल लाइन से प्रभावित समानांतर सड़कों की मरम्मत कर आमजन को राहत प्रदान की गई है।
सुगम एवं सुरक्षित सड़कों के मरम्मत एवं संधारण के लिए अजमेर, जयपुर, जोधपुर, हनुमानगढ़, अलवर, जालोर, सीकर, सिरोही, झालावाड़ एवं सलूम्बर सहित कई जिलों में व्यापक स्तर पर ये कार्य संपादित किए गए हैं।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने गुरुवार को पीडब्ल्यूडी, यूडीएच, डीएलबी आदि विभागों को यूटिलिटी कार्यों बिजली, जल, दूरसंचार लाइन आदि के कारण सड़कों पर बन गए रोड कट्स को प्राथमिकता से दुरुस्त करने के निर्देश दिए थे। यूटिलिटी लाईनों के कार्यों से प्रभावित सड़कों को पुनः सुचारू एवं मोटरेबल स्थिति में लाने के लिए इसकी सतत निगरानी की जा रही है।