PM मोदी के सोशल मीडिया छोड़ने के ऐलान के बाद बोले लोग- ऐसे तो आप हमसे दूर हो जाएंगे !
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सोशल मीडिया के जरिए देश की जनता से जुड़े रहते हैं। वे अपनी निजी और सरकार की हर बात को सोशल मीडिया के माध्यम से पहुंचाते हैं, लेकिन पीएम मोदी ने एक ट्वीट किया कि वे सोशल मीडिया से दूर होना चाहते हैं। इसके बाद सोशल मीडिया पर हड़कंप मच गया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सोशल मीडिया पर लोकप्रियता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि उनके टि्वटर अकाउंट पर 5 करोड़ 33 लाख और फेसबुक पर 4 करोड़ 47 लाख फॉलोअर्स हैं।
यूट्यूब पर उनके 45 लाख सब्सक्राइबर हैं। मोदी के ट्वीट के बाद #NoSir #NarendraModi #modiji जैसे हैशटेग ट्रेंड करने लगे। लोगों ने उनके ट्वीट पर रिप्लाई किया कि वे सोशल मीडिया प्लेटफार्म न छोड़ें।
कई लोगों ने लिखा -कृपया आप ऐसा करके हम लोगों से दूर चले जाएंगे। आप ही से उम्मीद जगी है देश को, कम से कम इस माध्यम से आपसे जुड़ाव रहता है। ऐसा लगता है कि आप अभिभावक के तौर पर हमारे इर्दगिर्द ही हो। एक बार पुनः सोचिएगा। बोल दीजिए मोदीजी, यह झूठ है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सोशल मीडिया छोड़ने का ट्वीट देखते ही देखते ट्विटर पर सबसे चर्चित मुद्दा बन गया। दो घंटे में ही एक लाख से ज्यादा लोगों ने लाइक किया, 35 हजार से ज्यादा लोगों ने री-ट्वीट किया। वहीं, 70 हजार से ज्यादा लोगों ने कमेंट किए। पीएम ने अपने इरादे की वजह नहीं बताई, न ही यह बताया कि क्या अपने सोशल मीडिया एकाउंट्स डिलीट करेंगे या डिएक्टिवेट (निष्क्रिय) या उनसे केवल उनसे दूरी बना लेंगे।
प्रधानमंत्री द्वारा यह ट्वीट करने के कुछ ही देर बाद ही ट्विटर पर #NoSir टॉप पर ट्रेंड करने लगा। दुनिया में यह हैशटैग तीसरा सबसे ज्यादा चर्चित हो गया। इसे समर्थन करने वालों ने पीएम से सोशल मीडिया न छोड़ने की अपील की। वहीं, पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, सपा प्रमुख अखिलेश यादव सहित तमाम नेताओं ने इसे लेकर तंज कसा।
डॉ. संदीप मित्तल आईपीएस ने लिखा, यदि ऐसा करते हैं तो सोशल मीडिया कंपनियों के शेयर लुढ़क जाएंगे। देशद्रोहियों की दुकान बंद हो जाएंगी और भारत से कमाने वाली कंपनियां भारत को आंख दिखाना बंद कर देंगी। इसलिए इन्हें बैन किया जाए। रुद्र आर शर्मा ने लिखा, कोई भारतीय मीडिया प्लेटफॉर्म लाने की तैयारी है। अगर ऐसा तो यह क्रांतिकारी कदम होगा।
मोदी के 5.33 करोड़ फॉलोअर हैं। मोदी ने 2,373 को फॉलो किया है। वे 25.9 हजार ट्वीट कर चुके हैं। फेसबुक पर मोदी के 4.47 करोड़ फॉलोअर हैं। इंस्टाग्राम पर मोदी के 3.52 करोड़ फॉलोअर हैं।