तरह तरह के हथकंडे दिखा रहे निर्भया आरोपी,असामान्य होने का कर रहे नाटक ! !
फांसी देने के लिए डेथ वारंट जारी होने के बाद निर्भया के चारों दोषियों ने इससे बचने लिए तरह-तरह के हथकंडे अपनाने शुरू कर दिए हैं।इस कड़ी में 16 फरवरी को चारों दोषियों में से एक विनय कुमार शर्मा ने अपना सिर दीवार पर मार लिया था।अब उसने अपने वकील एपी सिंह के माध्यम से दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट में याचिका कर दावा किया है कि उसकी मानसिक हालत ठीक नहीं है।
वहीं, निर्भया के दोषियों के लिए जारी डेथ वारंट के अनुसार तीन मार्च को चारों दोषी फांसी पर लटकाए जाएंगे। जैसे जैसे तीन मार्च की तारीख नजदीक आती जा रही है जेल प्रशासन दोषियों के व्यवहार को लेकर सतर्कता बढ़ाता जा रहा है।इनका व्यवहार सामान्य बना रहे इसके लिए चारों दोषियों की काउंसलिंग भी कराई जा रही है।जेल प्रशासन का दावा है कि निर्भया के चारों दोषियों का व्यवहार अभी सामान्य है।
सेल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की मदद से अधिकारी व नियंत्रण कक्ष में बैठे कर्मियों को 24 घंटे इनकी स्थिति का पता चलता रहता है।इनके सेल के आसपास करीब एक दर्जन सीसीटीवी कैमरे लगे हैं।
गौरतलब है कि दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट ने चारों दोषियों (विनय कुमार शर्मा, पवन कुमार गुप्ता, मुकेश सिंह और अक्षय सिंह ठाकुर) की फांसी के लिए डेथ वारंट जारी कर दिया है।डेथ वारंट के मुताबिक, आगामी 3 मार्च को सुबह 6 बजे तिहाड़ जेल में चारों को फांसी दी जानी है।