Breaking News

Dr Arvinder Singh Udaipur, Dr Arvinder Singh Jaipur, Dr Arvinder Singh Rajasthan, Governor Rajasthan, Arth Diagnostics, Arth Skin and Fitness, Arth Group, World Record Holder, World Record, Cosmetic Dermatologist, Clinical Cosmetology, Gold Medalist

Current News / लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर महिला सशक्तिकरण सम्मेलन में नारी शक्ति को मिली सौगातें- पीएम आयुष्मान भारत हेल्थ इन्फ्रास्ट्रक्चर मिशन में राजस्थान के लिए 3 हजार करोड़ रूपये का प्रावधान

लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर महिला सशक्तिकरण सम्मेलन में नारी शक्ति को मिली सौगातें- पीएम आयुष्मान भारत हेल्थ इन्फ्रास्ट्रक्चर मिशन में राजस्थान के लिए 3 हजार करोड़ रूपये का प्रावधान
Dinesh Bhatt June 01, 2025 06:20 PM IST

   जयपुर, 31 मई। केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर को समाज सुधारक के रूप में याद किया जाता है, उन्होंने संस्कृति एवं विरासत को पुनर्स्थापित करने का कार्य किया। उन्होंने जीवन में महिला उत्थान को ही अपना लक्ष्य माना। श्री नड्डा ने कहा कि आज देश प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में महिला सशक्तीकरण के साथ महिला-नेतृत्व विकास की ओर बढ़ रहा है। नारी शक्ति वंदन अधिनियम के तहत लोकसभा एवं विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान किया गया है।

               श्री नड्डा शनिवार को राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर (आरआईसी) में लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती पर आयोजित महिला सशक्तीकरण महासम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि अहिल्याबाई होल्कर के आदर्शों से प्रेरणा लेकर उनकी 300वीं जयंती पर मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार ने महिला शिक्षा एवं स्वास्थ्य कार्यक्रमों को महिला शक्ति को समर्पित किया है। उन्होंने राज्य सरकार की लाडो प्रोत्साहन योजना को लिंगानुपात सुधार एवं गर्भ की पाठशाला योजना को महिला स्वास्थ्य की दिशा में अच्छी पहल बताया।

वर्ष 2014 के बाद बदली देश की तस्वीर

               केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 के बाद देश की तस्वीर बदली है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व ने राजनीति की संस्कृति को बदलने का काम किया है। अब दोषारोपण के बजाए समाज के हर वर्ग का सशक्तीकरण किया जा रहा है। प्रधानमंत्री ने जबावदेहिता और उत्तरदायित्व को राजनीति की परिभाषा बनाया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के कुशल नेतृत्व में राज्य सरकार दिन-रात जनसेवा में जुटी हुई है।

हॉलिस्टिक एप्रोच के साथ नई स्वास्थ्य नीति लागू

               उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में हॉलिस्टिक एप्रोच के साथ नई स्वास्थ्य नीति लागू की गई है। इसमें निवारण से लेकर पुनर्वास को शामिल किया गया है। उन्होंने कहा कि 30 वर्ष की उम्र से ही कैंसर, डायबिटीज जैसे गंभीर बीमारियों की स्क्रीनिंग की जा रही है। देश में स्वास्थ्य सेवाओं को सुलभ उपलब्ध करवाते हुए 1 लाख 77 हजार आयुष्मान आरोग्य मंदिर बनाए गए है।

               उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार ने प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत हेल्थ इन्फ्रास्ट्रक्चर मिशन के अन्तर्गत 64 हजार करोड़ रूपये का प्रावधान किया गया है। इसके तहत राजस्थान में 3 हजार करोड़ रूपये खर्च किए जाएंगे। देश में 23 एम्स संस्थान संचालित किए जा रहे है। राजस्थान में 23 नए मेडिकल कॉलेज खोले गए है। आयुष्मान भारत स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत देश के 63 करोड़ लोगों को 5 लाख रूपये तक का स्वास्थ्य बीमा दिया जा रहा है।

देवी अहिल्याबाई ने सामाजिक सुधारों को दिया बढ़ावा: मुख्यमंत्री

               मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि 18वीं सदी में देवी अहिल्याबाई जी अपने साहस एवं बुद्धिमत्ता से नारी शक्ति की प्रतीक बनीं। उन्होंने महिला शिक्षा, धर्म, और सामाजिक सुधारों को बढ़ावा दिया। काशी विश्वनाथ मंदिर का पुनर्निर्माण, सोमनाथ मंदिर और देशभर में अनेक तीर्थस्थलों का जीर्णाेद्धार उनके धार्मिक और सांस्कृतिक योगदान का प्रतीक है।

प्रधानमंत्री के नेतृत्व में सनातन संस्कृति का अभूतपूर्व उत्थान-

                मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से गरीब, महिला, युवा, किसान सहित समाज के हर वर्ग का कल्याण कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में आज हम सब सनातन संस्कृति के अभूतपूर्व उत्थान के साक्षी बन रहे हैं। उनकी संकल्प शक्ति से अयोध्या में प्रभु श्रीराम का भव्य मंदिर, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर, उज्जैन में महाकाल महालोक, केदारनाथ एवं बद्रीनाथ मंदिर जैसे हमारे प्रमुख आस्थाधामों को दिव्य एवं भव्य स्वरूप मिला है।

प्रदेश के 5 हजार गांव होंगे गरीबी मुक्त-

               श्री शर्मा ने कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री जी के मुताबिक इस देश में सिर्फ चार जातियां हैं- गरीब, युवा, अन्नदाता और महिला। उनकी प्रेरणा से हमारी सरकार भी इन चारों वर्गों के उत्थान के लिए कार्य कर रही है। गरीबी मुक्त राजस्थान की परिकल्पना को साकार करने के लिए पंडित दीनदयाल उपाध्याय गरीबी मुक्त गांव योजना शुरू की है, जिसके तहत प्रथम चरण में 5 हजार गांवों के बीपीएल परिवारों को गरीबी रेखा से ऊपर लाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना में भी 96 हजार से अधिक शहरी व ग्रामीण आवास बनाए गए हैं तथा 5 लाख 48 हजार से ज्यादा नए आवास स्वीकृत किए गए हैं। आवासविहीन बीपीएल, घुमन्तू, एवं अर्द्धघुमंतू परिवारों/व्यक्तियों को 26 हजार पट्टे वितरित किए गए हैं। स्वामित्व योजना के तहत प्रदेश में 8 लाख स्वामित्व कार्ड जारी किए जा चुके हैं।

प्रदेश में 7 लाख 80 हजार लखपति दीदी-

               मुख्यमंत्री ने कहा कि लखपति दीदी योजना में 14 लाख से ज्यादा महिलाओं को प्रशिक्षण प्रदान कर 7 लाख 80 हजार लखपति दीदी बनाया गया है। लाडो प्रोत्साहन योजना के तहत 2 लाख 30 हजार बालिकाओं के जन्म पर डेढ़ लाख रुपये का सेविंग बॉण्ड उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने किसान कल्याण के लिए गेहूं के समर्थन मूल्य पर बोनस देकर पिछले साल 12 लाख मीट्रिक टन तथा इस वर्ष 17 लाख मीट्रिक टन से अधिक गेहूं की खरीद की है। इसी तरह किसान सम्मान निधि के तहत 76 लाख से अधिक किसानों को 6 हजार 800 करोड़ रुपये से अधिक की राशि हस्तांतरित की जा चुकी है।

67 हजार से अधिक पदों पर दी नियुक्तियां, 1.87 लाख प्रक्रियाधीन-

               श्री शर्मा ने कहा कि हमने 4 लाख सरकारी और निजी क्षेत्र में 6 लाख रोजगार देने का संकल्प लिया है। राज्य सरकार द्वारा 67 हजार से अधिक पदों पर नियुक्तियां दे दी गई हैं तथा करीब 1 लाख 87 हजार से अधिक पदों पर भर्ती की कार्यवाही प्रक्रियाधीन है। साथ ही, रोजगार मेलों के माध्यम से 65 हजार से अधिक युवाओं को रोजगार उपलब्ध करवाया गया है तथा 3 लाख युवाओं को कौशल प्रशिक्षण प्रदान किया गया है। मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि देवी अहिल्याबाई होल्कर के मूल्य और जनसेवा और सांस्कृतिक उत्थान के लिए किए गए कार्य सबको हमेशा प्रेरित करते रहेंगे।

नारी शक्ति को मिली विभिन्न सौगातें-

               कार्यक्रम में लखपति दीदी योजना के तहत 1,800 लाभार्थियों को ऋण वितरित तथा लाडो प्रोत्साहन योजना के तहत 32 हजार 755 बालिकाओं को 11 करोड़ की राशि हस्तांतरित की गई। बालिकाओं को एसटी प्री-मैट्रिक योजना के तहत करीब 17 हजार बालिकाओं को 5 करोड़ से अधिक की राशि का हस्तांतरण एवं बालिका दुरस्थ शिक्षा योजना के तहत 20 हजार छात्राओं को 10 करोड़ की फीस का पुनर्भरण किया गया। इसके साथ ही गार्गी पुरस्कार और बालिका शिक्षा प्रोत्साहन योजना के तहत 6 हजार 489 बालिकाओं को लगभग 3 करोड़ 40 लाख रुपये की राशि हस्तांतरित की गई।

               शैक्षिक रूप से पिछड़े क्षेत्रों में रहने वाली वंचित वर्गों की लड़कियों को निःशुल्क आवासीय शिक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से 5 कस्तूरबा गांधी बालिका शिक्षा विद्यालय का लोकार्पण-शिलान्यास और 2 जनजाति बालिका आश्रम छात्रावासों का लोकार्पण किया गया। इसके साथ ही 40 अन्य सिविल कार्यों का लोकार्पण एवं 10 कार्यों का शिलान्यास किया गया। इसके अतिरिक्त कालीबाई भील मेधावी छात्रा योजना के तहत 2000 छात्राओं को स्कूटी वितरण की गई। कार्यक्रम की शुरूआत में 150 कालिका यूनिट्स को हरी झंडी दिखाई गई।

               इसी तरह महिला स्वास्थ्य को समर्पित गर्भ की पाठशाला योजना एवं स्वस्थ नारी चेतना अभियान की शुरूआत की गई। इसके साथ ही, गर्भावधि मधुमेह कार्यक्रम के प्रथम चरण में 10 जिलों में 4 हजार 125 सुविधाओं का शुभारंभ किया गया। राष्ट्रीय तम्बाकू नियंत्रण कार्यक्रम पर डिजिटल कॉफी बुक का भी विमोचन किया गया।

               इस अवसर पर केन्द्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री गजेन्द्र सिंह शेखावत, केन्द्रीय कृषि राज्य मंत्री श्री भागीरथ चौधरी, उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी, डॉ. प्रेमचंद बैरवा, चिकित्सा मंत्री श्री गजेन्द्र सिंह खींवसर, स्कूल शिक्षा मंत्री श्री मदन दिलावर, सांसद श्री मदन राठौड़ एवं मुख्य सचिव श्री सुधांश पंत सहित विभिन्न जनप्रतिनिधिगण, अधिकारीगण तथा बड़ी संख्या आमजन मौजूद रहे।

               इससे पहले केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री जे.पी. नड्डा एवं मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने मालवीय राष्ट्रीय प्रोद्योगिकी संस्थान (एमएनआईटी) परिसर में स्वामी विवेकानंद जी की मूर्ति पर माल्यार्पण किया। इस दौरान उन्होंने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

  • fb-share
  • twitter-share
  • whatsapp-share

Disclaimer : All the information on this website is published in good faith and for general information purpose only. www.newsagencyindia.com does not make any warranties about the completeness, reliability and accuracy of this information. Any action you take upon the information you find on this website www.newsagencyindia.com , is strictly at your own risk
#

RELATED NEWS