क्रूज़ टेंडर में अनियमितता, ब्लैक लिस्टेड फर्म को नगर निगम उदयपुर ने दिया ठेका !
उदयपुर की पीछोला झील में जहाँ स्थानीय निवासियों सहित कई झील प्रेमी क्रूज़ संचालन का विरोध कर रहे है और निगम से पीछोला में क्रूज संचालित नहीं करने का आग्रह कर रहे है वहीं क्रूज़ टेंडर को लेकर एक ओर अनियमितता सामने आयी है जिसमें निगम अधिकारियों सहित पूर्व भाजपा बोर्ड की कारस्तानियां साफ दिखायी दे रही है।
पीछोला झील में जिस फर्म के नाम टेण्डर जारी किया गया उस फर्म का नाम एम एम ट्रावेल्स है जो कि क्रूज़ टेंडर लेने से पहले ही सार्वजनिक निर्माण विभाग उदयपुर और राजस्थान पर्यटन विकास निगम जयपुर द्वारा ब्लैक लिस्टेड कर दी गयी थी।
ब्लैक लिस्टेड फर्म को टेंडर की निविदा गैराज ई.1/न. नि. उ./2016-2017 की शर्त संख्या 35 के अनुसार टेण्डर नही दिया जा सकता है
क्रूज़ टेण्डर की शर्त संख्या 35 के अनुसार राजस्थान राज्य के किसी भी सरकारी या अर्ध सरकारी विभाग द्वारा ब्लैक लिस्टेड फर्म बीड में भाग नहीं ले सकती है तथा तथ्य छुपा कर भाग लेने पर उसकी बीड बाद में निरस्त की जा कर जमा शुदा राशि जब्त की जा सकती है।
टेंडर अवार्ड करने के दौरान नगर निगम अधिकारियों को इस बावत सूचना मिल गयी थी फिर भी चहेती फर्म को नियमों को दरकिनार कर टेंडर जारी कर दिया गया।