जयपुर, 15 नवम्बर। पर्यावरण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री संजय शर्मा ने शनिवार को अलवर जिले में बगड़ का तिराया स्थित श्री दिगम्बर सुधासागर गौशाला में गौशेड का उदघाटन किया।
वन राज्य मंत्री श्री शर्मा ने कहा कि गौ माता भारतीय संस्कृति की परिचायक होने के साथ ही सनातन संस्कृति में गौ माता का पवित्र स्थान रहा है। हमारे ग्रंथों में भी कहा गया है कि गौ माता की सच्चे भाव से सेवा करने पर जीवन में के कष्टों का हरण होता है। उन्होंने कहा कि गोपाष्टी, मकर संक्रांति इत्यादि त्योहारों व पर्वों पर गौ माता को चारा आदि खिलाकर जीवन में सुख-समृद्धि की कामना की जाती है। उन्होंने कहा कि जैन धर्म जीवमात्र की सेवा करने का संदेश देता है। इसी का आचरण करते हुए हमें जीवों पर दयाभाव रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि नवीन गौशेड के निर्माण से गौशाला में रह रहे गौवंशों को बेहतर संरक्षण और सुविधा मिल सकेगी। इस दौरान उन्होंने जैन मुनियों का आशीर्वाद लिया।