जयपुर, 8 नवंबर। लोकसभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला ने टोंक शहर के श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर में आयोजित हो रहे पंच कल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव में शनिवार को वात्सल्य वारिधि आचार्य श्री वर्धमान सागरजी महाराज का आशीर्वाद लिया।
श्री बिरला ने कहा कि टोंक की धरती आचार्य श्री वर्धमान सागर जी महाराज के आने से आध्यात्मिक और धर्म की नगरी बन चुकी है। आचार्य, महात्मा,साधु और संतों के पैर जिस धरती पर पड़ते हैं, वह धरती आध्यात्मिक और धर्म के रंग में रंग जाती है। श्री बिरला ने कहा कि आचार्य के सानिध्य में हो रहे पंचकल्याणक महोत्सव में टोंक ही नहीं, देश के विभिन्न राज्यों से हजारों श्रद्धालु आ रहे हैं। वे आचार्य के दिव्य वचनों से प्रेरणा ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि पंचकल्याणक आत्मशुद्धि, संयम, व्रत और तपस्या का उत्सव है। इस उत्सव में आचार्य हमें जीवन के पांच शाश्वत सत्य से परिचय कराते हैं।
श्री बिरला ने कहा कि मनुष्य संसार के भौतिक साधनों में लिप्त हो कर आध्यात्मिक ज्ञान से दूर हो जाता है। ऐसे समय में हमारे अंधकारमय जीवन को संत, महात्मा, आचार्य एक दिव्य रोशनी एवं दिशा देने का काम करते हैं। साथ ही, जीवन जीने की राह भी दिखाते हैं। इसलिए जीवन में संतों का सानिध्य बेहद जरूरी है।
लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि आचार्य श्री वर्धमान सागर जी महाराज वात्सल्य की मूर्ति हैं। उनके विचार और जीवन हमें निरंतर प्रेरणा देते हैं। भगवान महावीर द्वारा हजारों साल पहले दिखाया गया सत्य और अहिंसा का रास्ता आज भी प्रासंगिक है। इस दौरान ऊर्जा राज्य मंत्री(स्वतंत्र प्रभार) श्री हीरालाल नागर भी मौजूद रहे। लोकसभा अध्यक्ष श्री बिरला के आगमन पर जिला कलेक्टर श्रीमती कल्पना अग्रवाल एवं पुलिस अधीक्षक श्री राजेश कुमार मीना ने अगवानी की।
इस अवसर पर जिला प्रमुख श्रीमती सरोज बंसल, पूर्व विधायक श्री अजीत सिंह मेहता समेत अन्य जनप्रतिनिधि और श्रद्धालु मौजूद रहे।