छात्रों को नक़ल से रोकने के लिए कार्ड बोर्ड के बक्से पहनाए !
कर्नाटक के एक निजी कॉलेज में एक विचित्र घटना में छात्रों को नक़ल से रोकने के लिए एक परीक्षा के दौरान कार्डबोर्ड बॉक्स पहनने के लिए बाध्य किया गया था। घटना की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कॉलेज प्रशासन अब लोगों के गुस्से का सामना कर रहा है।
यह घटना हवेरी जिले के भगत प्री-यूनिवर्सिटी कॉलेज में हुई और कॉलेज प्रबंधन के एक सदस्य सतेश हेरूर ने अपने फेसबुक अकाउंट पर उन छात्रों की तस्वीरें पोस्ट कीं, जिन्होंने कार्ड बोर्ड के बक्से पहन रखे थे ।
हेरूर की पोस्ट के साथ कैप्शन में कहा गया है, “यह आज की हमारी कॉलेज की मध्यावधि परीक्षा है। यह भगत पीयू कॉलेज, हावेरी है। ”
कई छात्रों ने पिछले साल की परीक्षा के दौरान कथित तौर पर खूब नक़ल की थी। बार-बार चेतावनी देने के बाद भी वे नक़ल करते आ रहे थे । इसे रोकने के लिए प्रबंधन ने इस आईडिया को लागू किया जिससे उसकी काफी हँसी भी उड़ रही है ।
राज्य सरकार ने तुरंत कॉलेज को नोटिस जारी किया और इस बारे में स्पष्टीकरण मांगा कि छात्रों को कार्डबोर्ड बॉक्स पहनने के लिए क्यों बाध्य किया गया था। इस कदम की पुष्टि सार्वजनिक निर्देश विभाग के उप निदेशक एसएस पीरजे ने की है ।