जयपुर, 26 दिसंबर। नगर निगम हैरिटेज की ओर से बीवीजी कंपनी का अनुबंध समाप्त करने के बाद सफाई व्यवस्था को सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों ने पूरा मोर्चा संभाल लिया है। बेहतर सफाइ व्यवस्था के लिए नगर निगम हेरिटेज की महापौर श्रीमती मुनेश गुर्जर और आयुक्त श्री अवधेश मीणा प्रभावी मॉनिटरिंग कर रहे हैं। वहीं जोन उपायुक्त दोनों पारियों में घूम-घूम कर सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाए हुए है।
आयुक्त श्री अवधेश मीणा ने सभी जोन उपायुक्तों को निर्देश दिए गए हैं कि अपने अपने क्षेत्र में मौके पर उपस्थित रहकर सफाई व्यवस्था को सुनिश्चित करेंगे तथा जो कर्मचारी, अधिकारी सफाई व्यवस्था में लापरवाही बरतेंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
आयुक्त ने बताया कि नगर निगम के कर्मचारियों के अलावा उपलब्ध संसाधनों का भरपूर उपयोग कर सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के पूरे प्रयास किए जा रहे हैं। श्री मीणा ने बताया कि दोनों पारियों में 4700 सफाईकर्मी कार्य कर रहे हैं, दो दिन में साढ़े सात सौ टन कचरा शहर से उठाया गया। सभी जोनों में कचरा उठाने के लिए 16 यूनिट लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि घर-घर से कचरा संग्रहण के लिए हूपर लगातार चल रहे है। 100 हूपर दोनों टाइम रात दिन कचरा उठाने में लगे हैं। सफाई व्यवस्था प्रातः 6 से दोपहर 12 तक और दोपहर 2 बजे से रात 10 बजे तक दो पारियों में की जा रही है। आयुक्त श्री अवधेश मीणा ने बताया कि कचरा ट्रांसफर स्टेशनों पर मॉनिटरिंग के लिए अधिकारियों को लगाया गया है।
आयुक्त श्री अवधेश मीणा ने नगर निगम हेरिटेज के आम जन से अपील भी की है कि वे घरों का कचरा सड़कों पर नहीं डालें, सफाई व्यवस्था बेहतर बनाए रखने में सहयोग करें। साथ ही उन्होंने बताया कि जो व्यक्ति रोड पर कचरा डालेगा उनके खिलाफ नगर निगम नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी।