Breaking News

Dr Arvinder Singh Udaipur, Dr Arvinder Singh Jaipur, Dr Arvinder Singh Rajasthan, Governor Rajasthan, Arth Diagnostics, Arth Skin and Fitness, Arth Group, World Record Holder, World Record, Cosmetic Dermatologist, Clinical Cosmetology, Gold Medalist

Current News / इंडियन चैंबर ऑफ कॉमर्स ने भारत के औद्योगिक विकास के साथ नीति निर्माण और आर्थिक विकास में निभाई है महत्वपूर्ण भूमिका

clean-udaipur इंडियन चैंबर ऑफ कॉमर्स ने भारत के औद्योगिक विकास के साथ नीति निर्माण और आर्थिक विकास में निभाई है महत्वपूर्ण भूमिका
Aayushman Bhatt March 26, 2026 08:44 AM IST
जयपुर, 25 मार्च। राज्यपाल श्री हरिभाऊ बागडे ने कहा कि प्रदेश में संसाधनों और प्रतिभा की कमी नहीं है। आवश्यकता इस बात की है कि इनका समुचित उपयोग करते हुए राज्य का तीव्रतम औद्योगिक विकास हो। इसमें उन्होंने इंडियन चैंबर ऑफ कॉमर्स को महती भूमिका निभाने का आह्वान किया।
 
श्री बागडे बुधवार को एक निजी होटल में इंडियन चैंबर ऑफ कॉमर्स के सौ वर्ष पूर्ण होने पर और अध्यक्ष पद एवं नई कार्यकारिणी के पदभार संभालने के अवसर पर आयोजित समारोह में संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सौ वर्ष पहले राजस्थान के रत्न घनश्याम दास बिड़ला की पहल पर 1925 में इंडियन चैंबर ऑफ कॉमर्स की स्थापना हुई। इस संगठन ने भारत के औद्योगिक विकास के साथ नीति निर्माण और तीव्रतम आर्थिक विकास में पंचवर्षीय योजनाओं के तहत भी महती योगदान दिया है। उन्होंने इसी तर्ज पर संगठन द्वारा राजस्थान के विकास में भी योगदान देने और युवाओं को रोजगार में सरकार के साथ सहयोग का आह्वान किया।
 
राज्यपाल ने सरकारी स्तर पर भी उद्योगों को सिंगल विंडो के तहत हर संभव सहयोग और सुविधाएं प्रदान करने की आवश्यकता जताई। उन्होंने कहा कि इसी से अधिक से अधिक उद्यमी प्रदेश में निवेश करेंगे और इससे राज्य का तेजी से विकास हो सकेगा। राज्यपाल ने राजस्थान की उद्यमिता से जुड़ी परम्परा की चर्चा करते हुए कहा कि देश में कहीं कोई बड़ा उद्योग संगठन ऐसा नहीं है, जहां राजस्थान के लोग नहीं है। उन्होंने ब्रिटिश काल में स्थानीय उद्योगों को समाप्त करने की नीति की चर्चा करते हुए कहा कि अंग्रेज नहीं चाहते थे कि भारत अपने पैरों पर खड़ा हो। इसके बावजूद राजस्थान के उद्यमियों ने देशभर में स्वदेशी उद्योगों के विकास से राष्ट्र को उद्योगों में अग्रणी किया।
 
श्री बागडे ने कहा कि आज हमारा देश विश्व में दुग्ध उत्पादन में पहले स्थान पर है। राजस्थान देश में दूसरे स्थान पर है। उन्होंने इस तरह के अन्य क्षेत्रों की संभावनाओं को तलाश कर प्रदेश को तेजी से विकसित किए जाने में औद्योगिक संगठनों को भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि औद्योगिक विकास के जरिए प्रदेश की सकल घरेलू उत्पादन दर को बढ़ावा दिया जाए।
 
राज्यपाल ने कहा कि प्रदेश में ऐसे उद्योगों को बढ़ावा दिया जाए, जिससे रोजगार जनन हो। उन्होंने सौर ऊर्जा के साथ अन्य क्षेत्रों में राज्य की उपलब्धियों से उद्योगों को लाभ लेकर राज्य के विकास में योगदान देने पर जोर दिया। उन्होंने सौ साल पहले भारत में भारतीय हितों की रक्षा के लिए स्थापित इंडियन चैंबर ऑफ कॉमर्स संगठन की स्थापना करने वाले घनश्याम दास बिड़ला को याद करते हुए उनके महात्मा गांधी से संबंधों और स्वदेशी उद्योगों को आजादी से पहले अंग्रेज राज में प्रोत्साहन के लिए किए कार्यों को क्रान्तिकारी बताया।
 
इस अवसर पर मुख्य सचिव श्री वी. श्रीनिवास ने वैश्विक स्तर पर तेजी से आगे बढ़ते राजस्थान के विभिन्न क्षेत्रों की चर्चा करते हुए कहा कि इंडियन चैंबर ऑफ कॉमर्स सरकार और उद्योगों के मध्य आरम्भ से ही सेतु का कार्य करता आ रहा है। उन्होंने "सबका साथ सबका विकास" की सोच से किए जा रहे सरकार के कार्यों में संगठन को सरकार के साथ सहयोग करते हुए विकसित राजस्थान में भागीदारी का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि डिजिटल क्षेत्र और सभी अन्य क्षेत्रों में तेजी से राष्ट्रीय और वैश्विक स्तर पर राजस्थान आगे बढ़ रहा है। औद्योगिक क्षेत्र से कौशल विकास और रोजगार जनन की बहुत सी संभावनाएं हैं। विश्वास है, इस सम्बन्ध में इंडियन चैंबर ऑफ कॉमर्स की सरकार के साथ सहयोग में भविष्य में महती भूमिका रहेगी।
 
इंडियन चैंबर ऑफ कॉमर्स का अध्यक्ष पद संभालने के बाद श्री जय कृष्ण जाजू ने कहा कि सरकार और उद्योग के मध्य प्रभावी संवाद से प्रदेश के विकास को गति दी जाएगी। उन्होंने कहा कि राजस्थान में अवसरों की कमी नहीं है, उन अवसरों के आलोक में औद्योगिक विकास से प्रदेश में विकास संभावनाओं पर कार्य किया जाएगा।
 
  • fb-share
  • twitter-share
  • whatsapp-share
clean-udaipur

Disclaimer : All the information on this website is published in good faith and for general information purpose only. www.newsagencyindia.com does not make any warranties about the completeness, reliability and accuracy of this information. Any action you take upon the information you find on this website www.newsagencyindia.com , is strictly at your own risk
#

RELATED NEWS