चित्तौड़गढ़ में भारी बारिश ,नदी नाले उफान पर, गंभीरी बांध के 9 गेट खोले गए !
चित्तौड़गढ़ जिले में हुई भारी वर्षा के बाद नदी नाले उफान पर आये हुए है। जिले के सबसे बड़े गंभीरी बांध से 9 गेट खोलकर पानी की निकासी की जा रही है और चित्तौड़गढ़ शहर के बीचों-बीच से निकल रही गंभीर नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। इधर घोसुंडा बांध के भी चार गेट खोले गए हैं। बीती रात जिले भर में जमकर बरसात हुई है। निंबाहेड़ा में रिकॉर्ड 109 मिलीमीटर वर्षा होने से बांध में पानी की आवक तेज हो गई है। उधर चित्तौड़गढ़ शहर में जिला प्रशासन द्वारा नदी के किनारे डूब क्षेत्र में रहने वाले लोगों को चेतावनी जारी कर दी गई है।
वहीं निचली बस्तियों को खाली कराया जा रहा है। सिविल डिफेंस की टीमें भी नदी के पास वाले इलाकों में लगातार दौरा कर रही है और नगर परिषद में आवश्यक सामग्री जुटाकर गोताखोरों को तैयार रहने के निर्देश दिए हैं। नदी के समीप सभी स्थानों पर पुलिस की तैनाती कर दी गई है ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।