जम्मू कश्मीर प्रशासन ने पूर्व सीएम फारूक अब्दुल्ला की हिरासत की खत्म !
जम्मू कश्मीर प्रशासन ने पूर्व सीएम फारूक अब्दुल्ला की हिरासत को खत्म किए जाने के आदेश दिए हैं। पिछले साल 5 अगस्त को फारूक अब्दुल्ला को हिरासत में लिया गया था। तब से फारूक अब्दुल्ला हिरासत में हैं। जम्मू कश्मीर के गृह विभाग ने शुक्रवार को उनकी नजरबंदी खत्म किए जाने को लेकर आदेश जारी कर दिए हैं। जम्मू और कश्मीर में प्रमुख सचिव रोहित कंसल ने ये जानकारी देते हुए कहा कि -" फारूक अब्दुल्ला के खिलाफ सार्वजनिक सुरक्षा कानून पीएसए को रद्द कर दिया है।"
फारूक अब्दुल्ला की पीएसए की मियाद को दो बार बढ़ाया जा चुका था। अगस्त में हिरासत में लिए जाने के बाद सितंबर में उन पर पीएसए लगाया गया। 13 दिसंबर को उनकी हिरासत को तीन महीने के लिए बढ़ा दिया गया। ये मियाद 13 मार्च को खत्म होनी थी, जिसे आगे ना बढ़ाने का फैसला जम्मू कश्मीर प्रशासन ने लिया है।
एनसी सांसद फारूक अब्दुल्ला और कश्मीर के सभी प्रमुख नेताओं को 5 अगस्त को हिरासत में ले लिया गया था। इनमें उमर अब्दुल्ला, महबूबा मुफ्ती और शाह फैसल भी शामिल है। सभी पर पीएसए लगाया गया है। अब फारूक अब्दुल्ला की हिरासत को खत्म करने के आदेश जारी किए गए हैं। बाकी नेता अभी भी कैद में हैं।