कुंभलगढ़ में प्रस्तावित टाइगर रिजर्व की संभावनाओं का परीक्षण करेगी एक्सपर्ट टीम
जयपुर, 2 सितंबर। राजस्थान मे कुंभलगढ़ को टाइगर रिजर्व घोषित करने की संभावनाओं का परीक्षण करने के लिए नेशनल टाइगर कंजर्वेशन अथॉरिटी (एनएटीसीए) की एक्सपर्ट कमेटी ने गुरुवार को जयपुर में वन विभाग के अधिकारियों के साथ गंभीर विचार-विमर्श किया। शुक्रवार को एक्सपर्ट टीम उदयपुर जाएगी।
दोपहर बाद अरण्य भवन में टीम सदस्यों ने मुख्य वन्यजीव प्रतिपालक अरिंदम तोमर व वन्यजीव प्रभाग के अधिकारियो के साथ बैठक की। कुंभलगढ़ में नये टाइगर रिजर्व बनाये जाने के लिए अनुकूल माहौल और आवश्यक व्यवस्थाओं सहित अन्य मुद्दों पर चर्चा हुयी। इस दौरान टीम ने प्रस्तावित कुंभलगढ़ और रावली टॉडगढ़ अभयारण्य व इनके आसपास के पाली, राजसमंद और उदयपुर के क्षेत्रों के बारे में भी जानकारी एकत्रित की।
टीम के अध्यक्ष सेवानिवृत्त आईएफ़एस अधिकारी आरएन मेहरोत्रा, वाइल्ड लाइफ इंस्टीट्यूट टाइगर सेल के वैज्ञानिक डॉ. कौशिक बनर्जी, डॉ. अयान साधु और एनटीसीए नागपुर के रीजनल ऑफिसर हेमंत कांडी ने चर्चा के बाद प्रे-बेस, प्रस्तावित क्षेत्र के आसपास के लोगों और भूमियों का विवरण, पानी की व्यवस्था इत्यादि की जानकारी भी प्राप्त की। शुक्रवार को टीम प्रस्तावित वन क्षेत्रों का दौरा करेगी। टीम वहां के लोगों से भी मुलाकात करने के बाद अपनी रिपोर्ट तैयार करेगी।
इसके पश्चात टीम के अध्यक्ष आरएन मेहरोत्रा ने वन-बल प्रमुख डॉ. दीप नारायण पाण्डेय से भी मुलाकात की तथा इस संबंध में विचार विमर्श किया।

https://play.google.com/store/apps/details?id=com.wincompete&hl=en